‘धुरंधर-2’ फिल्म पर छिड़ा सियासी संग्राम, डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- 2047 तक अखिलेश के लिए कोई गुंजाइश नहीं

Politics

लखनऊ/दिल्ली: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सपा को घेरते हुए मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश की जनता के लिए एक बड़ा ‘खतरा’ है। उन्होंने आगाह किया कि सपा के सत्ता में आने का सीधा अर्थ है—महिलाओं की सुरक्षा, सुहाग की सलामती और भाइयों के जीवन को संकट में डालना।

​”सपा अब समाप्तवादी पार्टी बनने की ओर”

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के चुनावी इतिहास पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने इन्हें 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में बार-बार नकारा है। उन्होंने स्वीकार किया कि 2024 में सपा जनता को गुमराह कर कुछ सीटें बढ़ाने में जरूर कामयाब रही, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके लिए कोई संभावना नहीं बची है। मौर्य ने भविष्यवाणी की कि गुंडों और माफियाओं के बोलबाले वाली यह पार्टी 2027 तक पूरी तरह ‘समाप्तवादी पार्टी’ बन जाएगी।

​’धुरंधर-2′ और अखिलेश के आरोपों पर पलटवार

फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर अखिलेश यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने भाजपा पर पैसे देकर फिल्में बनवाने का आरोप लगाया था, डिप्टी सीएम ने करारा जवाब दिया। केशव मौर्य ने कहा, “अखिलेश यादव सत्ता से बाहर रहने के कारण मानसिक रूप से परेशान हैं। सच्चाई तो यह है कि 2047 तक उनके लिए सत्ता में आने की कोई गुंजाइश नहीं है।”

​अन्नदाताओं के लिए मरहम: मुआवजे का ऐलान

​राजनीतिक हमलों के बीच उपमुख्यमंत्री ने किसानों और गरीबों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने बताया कि इस बार रबी की फसल बहुत शानदार हुई थी, लेकिन हालिया खराब मौसम ने किसानों को नुकसान पहुँचाया है। मौर्य ने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावित फसलों का तत्काल आकलन करवा रही है और पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाएगा।

उन्होंने अंत में जोर देकर कहा कि योगी सरकार का एकमात्र लक्ष्य गरीबों, अन्नदाताओं, महिलाओं और युवाओं का उत्थान है, और इस राह में कोई भी बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।