Agra News: प्राची, मेधा और आशिया को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर सीएमओ ने शुरू किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान

स्थानीय समाचार

– राष्ट्रीय कृमि अभियान के तहत जनपद में एक से 19 साल तक बच्चों, किशोर-किशोरियों को खिलाई जा रही है एल्बेंडाजोल की गोली

– दिवस के तहत 24 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़े निकालने की दवा

– जनपद में 13 फरवरी को चलेगा मॉप-अप राउंड

आगरा: जनपद में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने मंगलवार को ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज और ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल में स्कूली बच्चों प्राची, मेधा और आशिया को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से एक से पांच साल तक के बच्चों को दवा दी जाएगी। जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों में छह से 19 साल तक के बच्चों व किशोरों को शिक्षकों की मदद से दवा खिलाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दवा चबाकर खानी है। टीम दवा अपने सामने खिलाएगी। किसी भी बच्चे या परिजन को दवा बाद में खाने के लिए नहीं दी जाएगी।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के दौरान जनपद 24 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जानी है। जो बच्चे छूट गए हैं उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड के दौरान पेट के कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी।

डीपीएम कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि एक से दो साल तक के बच्चों को आधी गोली और दो से 19 साल तक बच्चों व किशोरों को पूरी गोली खिलाई जाएगी। छोटे बच्चों को गोली पीसकर दी जानी है। जबकि बड़े बच्चे गोली चबाकर खा सकेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए एविडेंस एक्शन इंडिया संस्था अहम भूमिका निभा रही है।

आठवीं कक्षा की छात्रा प्राची ने बताया कि उसने अल्बेंडाजोल की दवा खा ली है। उसकी कक्षा के अन्य छात्राओं ने भी दवा का सेवन किया है। इससे कोई भी परेशानी नहीं हुई।

इस दौरान एविडेंस एक्शन इंडिया संस्था के शाहिद, यूनिसेफ के प्रतिनिधि राहुल कुलश्रेष्ठ, नगर निगम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम किशोर, ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य रितु अग्रवाल, सोनम गुप्ता, एमओआईसी ताजगंज डॉ. अर्चना लकड़ा, स्वास्थ्य निरीक्षिका निर्मला परिहार, एएनएम आसिया, ताजगंज वार्ड मेम्बर सुधीर राठौर, आशा मंजू, आशारानी, प्रीती, पूजा और प्रशांत मौजूद रहे।