आगरा: जनपद के एत्मादपुर थाना क्षेत्र स्थित बरहन चौराहे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके चलते घंटों तक चौराहे पर हंगामा और जाम की स्थिति बनी रही।
बेटे की आंखों के सामने मां ने तोड़ा दम
मृतका की पहचान रूपा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रूपा देवी अपने बेटे के साथ गांव से एक शोक कार्यक्रम (गमी) में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक बरहन चौराहे पर पहुँची, फिरोजाबाद की ओर से आ रहे काल बने तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे बेटे का हेलमेट भी टूट गया, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से बच गया। अफसोस कि उसकी मां की आंखों के सामने ही मौत हो गई।
परिजनों का हंगामा और पुलिस से तीखी नोकझोंक
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने डंपर चालक की लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क से उठाने नहीं दिया और चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एत्मादपुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। काफी देर तक चले हंगामे और अधिकारियों के आश्वासन के बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसों का ‘हॉटस्पॉट’ बना बरहन चौराहा
स्थानीय निवासियों में इस मार्ग पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बरहन चौराहा अब ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है, जहाँ आए दिन रफ्तार के कारण मासूमों की जान जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहाँ तत्काल ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और वाहनों की गति सीमा नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

