योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, बोले— यूपी में कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था का खुद ही इलाज जरूरी

Politics

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। अखिलेश ने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, ध्वस्त होती स्वास्थ्य व्यवस्था और बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के 100 साल पूरे होने पर प्रोफेसर राहत अबरार द्वारा लिखित ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन भी किया।

​स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर वार

अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग की एक हृदयविदारक घटना का जिक्र करते हुए कहा, “कल मैंने पढ़ा कि एम्बुलेंस में डीजल खत्म होने के कारण समय पर अस्पताल न पहुँच पाने से मरीज की जान चली गई। भाजपा सरकार बताए कि इस बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का इलाज कब होगा?” उन्होंने हरदोई और प्रतापगढ़ की घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचाने में लगी है।

​गाजीपुर कांड और आर्थिक सहायता की घोषणा

गाजीपुर की घटना पर नाराजगी जताते हुए सपा मुखिया ने कहा कि सपा के प्रतिनिधिमंडल पर हमला हुआ, लेकिन पुलिस पीड़ितों पर ही कार्रवाई कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि सपा का एक प्रतिनिधिमंडल दोबारा गाजीपुर जाएगा और पीड़ित परिवार को पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

​किसान और बुनकरों के लिए वादा

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए अखिलेश ने संकल्प लिया कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा और इसके लिए एक विशेष ‘रिवॉल्विंग फंड’ बनाया जाएगा। उन्होंने बुनकरों के लिए भी पिछली सपा सरकार जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं दोबारा लागू करने का भरोसा दिलाया।

​मेधावी छात्रों का सम्मान और भाजपा पर तंज

अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को ‘आईपैड’ देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने शायद विवेकानंद जी को ही पढ़ा है, अगर टैगोर को पढ़ा होता तो शायद उनकी भाषा और सोच कुछ अलग होती। उन्होंने भाजपा पर समाज में नफरत की आग फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को समाज में तनाव पैदा करना बंद करना चाहिए।