Agra News: सिकंदरा क्षेत्र में अराजक तत्वों ने हनुमान जी की प्रतिमा खंडित की, पुलिस ने सूझबूझ से मामला संभाला

स्थानीय समाचार

आगरा: थाना सिकंदरा क्षेत्र के बाईं का बाजार में बने मंदिर में कुछ अराजक तत्वों द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा खंडित करने पर माहौल गर्मा गया। सुबह लोगों ने प्रतिमा टूटी देखी तो आक्रोश फैल गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया गया।

सिकंदरा थाने से थोड़ा आगे बाईं का बाजार में करीब तीस साल पुराना मंदिर है। विगत रात किसी समय शरारती तत्व द्वारा हनुमान जी प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। प्रतिमा को तोड़ने के बाद उसके अवशेष भी ले गए। सुबह जब लोग पूजा करने मंदिर गए तो खंडित प्रतिमा देखी। थोड़ी देर में पूरे क्षेत्र में सूचना फैल गई। लोग मंदिर पर पहुंच गए। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।

पुलिस भी मौके पर आ गई। लोग प्रतिमा खंडित करने वाले को पकड़ने की मांग करने लगे। पार्षद वेद प्रकाश भी पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। नई प्रतिमा लगवाने और जल्द आरोपी को पकड़ने की बात कही। नई प्रतिमा लेने के लिए लोगों को भेजा गया है। जल्द ही प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।