Agra News: आगरा रेल मंडल होगा लेबल क्रॉसिंग मुक्त, ईदगाह स्टेशन को बड़ा हब बनाने पर जोर

Press Release

आगरा: उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर आज पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे के साथ-साथ आगरा डिवीजन में होने वाले कार्यों और स्टेशनों पर बढ़ाई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सरकार के रेल बजट की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि इस बार रेलवे ने उत्तर प्रदेश के रेल बजट में 80% की बढ़ोतरी की है जो कि ऐतिहासिक कदम है। इस दौरान उन्होंने आगरा रेल डिवीजन में होने वाली कार्यों की भी जानकारी दी जिनके पूरा होने पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

शुरू होगी कवच योजना

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कवच योजना पर काम चल रहा है। इस योजना को धरातल पर लाने का सबसे पहले काम आगरा रेल मंडल ही करेगा। ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम (टीसएएस) के नाम से जाने जानी वाली सुरक्षा प्रणाली को रेलवे ने कवच नाम दिया गया है। इसके तहत लोकोमोटिव तथा सिग्नलिंग सिस्टम के साथ-साथ रेल पटरियों के बीच इस प्रकार का रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेटिफिकेशन उपकरणों का सेट स्थापित किया जाता है कि यदि ट्रेन एक दूसरे से निर्धारित दूरी पर एक ही रेल लाइन पर होती हैं तो पहले रेडियो फ्रीक्वेंसी के माध्यम से वह चालकों को सतर्क करेगा। बाद में वह ऑटोमेटिक तरीके से पास-पास रहने वाली ट्रेनों को रोक देगा।

आगरा रेल मंडल होगा लेबल क्रॉसिंग मुक्त

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे हिमांशु शेखर ने बताया कि आगरा रेल मंडल में तेजी के साथ कार्य चल रहे हैं और इन कार्यों में आगरा रेल मंडल को लेवल क्रॉसिंग मुक्त भी बनाना भी शामिल है। अधिकारियों के लिए यह प्राथमिकता वाला कार्य है। इस पर पूरी तरह से ध्यान दिया जा रहा है जिससे किसी भी क्रॉसिंग से लोग न गुजरे।

ईदगाह रेलवे स्टेशन बनेगा हब

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि आगरा फोर्ट की स्टेशन पर और जगह नहीं है। इसीलिए ईदगाह रेलवे स्टेशन को और ज्यादा बेहतर बनाने की कवायद की जा रही हैं। यहां पर रेलवे के पास पर्याप्त जमीन भी है। इसीलिए ईदगाह स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है। आगरा फोर्ट- बांदीकुई के डबल लाइन का काम किया जाएगा। इससे जयपुर और अजमेर पहुंचना और ज्यादा आसान हो जाएगा। इसके साथ ही ईदगाह स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, लिफ्ट, पानी, समेत अन्य सुविधाएं भी होंगी। स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर, जनरल टिकट विंडो की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही एसी वेटिंग रूम, वाटर कूलर के अलावा खाने पीने के स्टॉल भी यात्रियों की सुविधाओं के लिए बढ़ाए जाएंगे।

आगरा कैंट की तरह ईदगाह भी आगरा का प्रमुख स्टेशन बन जाएगा। स्टेशन के विकास के साथ-साथ यहां ज्यादा से ज्यादा ट्रेनों का ठहराव, आगरा फोर्ट से चलने वाली कुछ ट्रेनों का ईदगाह स्टेशन से संचलान भी किया जा सकता है। इसके साथ ही स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

मथुरा जंक्शन यार्ड की रीमॉडलिंग का कार्य

आगरा डिवीजन का मथुरा जंक्शन महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह देश का सबसे बड़ा जंक्शन भी है। यहाँ 7 दिशाओं से ट्रेन आती हैं। अब मथुरा जंक्शन के यार्ड की रिमोडलिंग का भी कार्य किया जाना है जिसके लिए बजट भी सेंक्शन है। वही पलवल से धौलपुर के बीच तीसरी लाइन बिछाने का काम तेजी के साथ चल रहा है। तीसरी लाइन पर मुख्य रूप से गुड्स ट्रेन दौड़ेगी लेकिन आवश्यकता पड़ने पर यात्री ट्रेनों को भी दौड़ाया जा सकता है। अमृत भारत योजना के अंतर्गत आगरा को 15 स्टेशन मिले हैं जिनका रीडिवेलपमेंट होना है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि वंदे भारत भी कई शहरों में शुरू हो चुकी है और जहाँ जहाँ इसकी जरूरत है वहा वंदे भारत को चलाया जा रहा है। आगरा में भी वंदे भारत का ट्रॉयल हो चुका है। उम्मीद है कि आगरा को भी जल्द वंदे भारत मिले।