Agra News: ‘भाजपा संगठन और सरकार के सहयोग से हर जिले में लगाएगी 5 लाख पौधे’ – दुर्विजय सिंह शाक्य

Press Release

आगरा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ भारतीय जनता पार्टी भी कटिबद्ध है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के नेतृत्व में श्री राम पार्क जयपुर हाउस में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने पौधारोपण किया। श्री राम पार्क जयपुर हाउस में फलदार पौधे रोपित कर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को पौधे लगाने के साथ उन्हें बचाने का संकल्प दिलाया।

पौधारोपण के दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा भारतीय जनता पार्टी सरकार के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए सघन वृक्षारोपण अभियान चला रही है। हर जिले में भाजपा संगठन 5 लाख पौधों के रोपड़ के साथ उनकी देखभाल का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल के लिए ट्री गार्ड समय-समय पर सिंचित करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को पौधा पालक के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।

वहीँ भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा कि पौधारोपण जितना जरूरी है उतना ही जरूरी उसकी देखभाल है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधों की देखरेख के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक संगठनों और संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशन में महानगर में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने के साथ उनकी देखरेख का संकल्प दिलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा मानसून आगमन के साथ ही पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया था। इसी क्रम में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को पौधे लगाने के साथ उन्हें संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पौधारोपण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित ने भी पौधारोपण कर उसके पालक के रूप में देखरेख का संकल्प लिया।

इस मौके पर डॉ यादवेंद्र शर्मा, महेश शर्मा, नवीन गौतम, राजीव लवानियां, सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल मनीष गौतम, क्षमा जैन सक्सेना, विपुल मित्तल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Compiled: up18 News