आगरा: मानव मिलन परिवार ने अन्नदान सेवा प्रकल्प में किया विशाल भंडारा, जैन मुनि डा. मणिभद्र महाराज ने दिया प्रवचन

Religion/ Spirituality/ Culture

दिल के आइने में अपनी गलतियां देखेंः जैन मुनि डा. मणिभद्र महाराज

आगरा ।राष्ट्र संत नेपाल केसरी डा.मणिभद्र महाराज ने कहा है कि जीवन में जब भी कठिनाई आए, तुरंत आत्म मंथन करेंगे तो जरूर अपनी कमी या गलती महसूस होगी। उसका अहसास करें, गलती को स्वीकार करके उसे दूर करने का प्रयास करें। जीवन में बहुत सरलता आ आएगी। दिल के आइने में गलतियां जल्दी दिखाई दे जाती हैं।

न्यू राजामंडी स्थित महावीर भवन में प्रवचन देते हुए राष्ट्र संत डा.मणिभद्र महाराज ने सोमवार को हरिकेशी बल के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। कहा कि आत्मालोचना जितनी जल्दी हो जाए कर लेनी चाहिए, वरना हम अपनी गलती भूल जाते हैं, जो आगे शूल बन जाती है। लेकिन कुछ लोग अहंकार के कारण अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं करना चाहते। किसी को रूप का अहंकार है तो किसी को यश या पद का। उन्होंने कहा कि ये शरीर तो माटी का लोथड़ा है। जिसको अपने रूप का अहंकार हो, वह अपने एक-एक अंग को अपने शरीर से हटाकर देख ले। शरीर कुरूप दिखने लगेगा। क्योंकि यह सुंदरता केवल अपने अंगों से है। वैसे ही हमें किसी भी कारण से अभिमान नहीं करना चाहिए, क्योंकि-क्यों करें अभिमान, ये जीवन दो दिन का, एक हवा के झोके से उड़ जाएगा तिनका।

जैन संत ने कहा कि हमें कभी भी उपेक्षा से निराश नहीं होना चाहिए। उपेक्षा और संकटों से निराश लोग आत्महत्या तो कर सकते हैं, लेकिन दीक्षा नहीं ले सकते। क्योंकि संयम का पालन करना बहुत कठिन है। इसलिए हमें जीवन की सोच बदलनी चाहिए। जब भी कोई दुख आए, उसका मूल कारण हमारा शरीर, हमारा मन और हमारे कर्म ही हो सकते हैं। यदि सामने वाला गाली दे और हम उसे अनसुना कर दें तो हमें सुख ही सुख मिलेगा। यदि हमने उसका प्रत्युतर दिया तो पता नहीं कितना कठिन समय आ जाए। हर हाल में हमें अपना व्यवहार सही रखना चाहिए, वही श्रेष्ठता है। यदि हमारा व्यवहार सही नहीं होगा तो हम चाहे कितने भी बडे़ पद पर क्यों न हों, लोग हमसे दूर होते जाएंगे। इसलिए सबसे अच्छे बनो, सबसे सच्चे बनो।

सोमवार की धर्मसभा के उपरांत सुराना भवन राजा की मंडी में डॉ मणिभद्र मुनि जी प्रेरणा से मानव मिलन परिवार आगरा शाखा द्वाराअन्न दान सेवा प्रकल्प के अंतर्गत जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के लिए एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसी भंडारे में से जैन मुनियों ने अपना आहार ग्रहण किया।

इस दौरान मानव मिलन के अध्यक्ष राजीव चप्लावत, उपाध्यक्ष सौरभ जैन, अमित जैन, महासचिव आदेश बुरड़, कोषाध्यक्ष सचिन जैन, वैभव जैन, विवेक कुमार जैन, अर्पित जैन, अमित जैन, अनिल जैन, सुरेश सुराना, सुलेखा सुराना, अशोक जैन सुराना, प्रेमचंद जैन, अजय सकलेचा, अशोक जैन गुल्लू, संजय जैन, यश जैन, अजय जैन पूर्व पार्षद, आदि ने अन्नदान सेवा कर पुण्य लाभ कमाया।

-up18news