आगरा: बल्केश्वर में जारी श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के क्रम में प्रख्यात कथा व्यास इन्द्रेश जी महाराज ने नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमानिधि जी मंदिर में पधारकर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज के अलौकिक दर्शन किए। यह क्षण मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और भक्तिपूर्ण रहा।
भक्त और भगवान का मौन संवाद
जैसे ही इन्द्रेश जी महाराज मंदिर के गर्भग्रह के सम्मुख पहुंचे, ठाकुर जी के दिव्य स्वरूप को देख वे भाव-विभोर हो उठे। उनके चेहरे पर प्रभु के प्रति अटूट प्रेम और कृतज्ञता के भाव स्पष्ट झलक रहे थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो शब्दों की आवश्यकता ही न हो और भक्त-भगवान के बीच एक गहरा आत्मीय संवाद चल रहा हो। इन्द्रेश जी महाराज की भक्ति और प्रभु के प्रति उनकी श्रद्धा को देख उपस्थित भक्त भी आनंदित हो उठे।
मंदिर की गौरवशाली परंपरा से हुए अवगत
मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने कथा व्यास इन्द्रेश जी महाराज का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने महाराज जी को श्री प्रेमानिधि जी मंदिर के समृद्ध इतिहास, पुष्टिमार्गीय परंपराओं और यहां की सेवा-व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंदिर परिवार की ओर से इन्द्रेश जी महाराज का भावभीना सम्मान भी किया गया।
प्रसाद भेंट कर किया गया विदाई अभिनंदन
दर्शनोपरांत सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने ठाकुर जी की विशेष प्रसादी भेंट कर महाराज जी को विदा किया। इस संक्षिप्त लेकिन अत्यंत आध्यात्मिक सत्संग ने पूरे मंदिर परिसर को दिव्य ऊर्जा से सराबोर कर दिया।


