आगरा डीपीएस पिटाई मामला: आरोपी छात्र पर FIR दर्ज; तीन दांत टूटे, जबड़े में फ्रैक्चर, लिक्विड डाइट पर मासूम

स्थानीय समाचार

आगरा, 28 अप्रैल: ताजनगरी के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), शास्त्रीपुरम परिसर में छात्र के साथ हुई बर्बरता के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर थाना सिकंदरा में आरोपी छात्र के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य के तौर पर पुलिस को छात्र के टूटे हुए दांतों की तस्वीरें और अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट सौंपी गई हैं।

जबड़े में फ्रैक्चर, बोलने की शक्ति भी प्रभावित

पीड़ित छात्र विश्वजीत मल्होत्रा के पिता पियूष मल्होत्रा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, यह घटना 25 अप्रैल की है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले विश्वजीत पर स्कूल के ही एक छात्र ने इस कदर हमला किया कि उसके तीन दांत जड़ से उखड़ गए और जबड़े में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। चोट इतनी गहरी है कि छात्र फिलहाल बोलने की स्थिति में भी नहीं है।

लिखकर बयां की आपबीती

अस्पताल में उपचाराधीन विश्वजीत ने लिखकर अपने पिता को बताया कि आरोपी छात्र ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया और चेहरे पर लगातार कई घूंसे बरसाए। हमले की भयावहता के कारण विश्वजीत मौके पर ही बेसुध हो गया था। फिलहाल उसका इलाज यथार्थ हॉस्पिटल में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर चोट के कारण वह अगले तीन महीनों तक ठोस भोजन नहीं कर पाएगा, जिसका सीधा असर उसके स्वास्थ्य और आगामी पढ़ाई पर पड़ेगा।

पुलिस की जांच शुरू

डीसीपी सिटी के निर्देश और पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि स्कूल परिसर में हुई इतनी बड़ी घटना के समय स्कूल प्रशासन और सुरक्षाकर्मी कहां थे। मेडिकल रिपोर्ट और छात्र के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।