Agra News: पुष्पांजलि हाइट्स की 11वीं मंजिल पर भड़की आग; बहुमंजिला इमारत में मचा हड़कंप, कबाड़ जलकर खाक

स्थानीय समाचार

आगरा, 28 अप्रैल: ताजनगरी के दयालबाग क्षेत्र स्थित बहुमंजिला इमारत पुष्पांजलि हाइट्स में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह आग सोसायटी के ‘पर्ल ब्लॉक’ की 11वीं मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट में लगी थी। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

शाम 6:30 बजे धुआं देख मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे निवासियों ने 11वीं मंजिल के एक फ्लैट से काला धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरी सोसायटी में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से मुख्य अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर अपनी टीम और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुँच गए।

उपकरण थे मौजूद, पर चलाने वाला कोई नहीं

हादसे के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि बिल्डिंग में आधुनिक फायर फाइटिंग उपकरण तो लगे थे, लेकिन सोसायटी के निवासियों और स्टाफ को उन्हें ऑपरेट करना नहीं आता था। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए बिल्डिंग के ही उपकरणों का उपयोग किया और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

​कबाड़ में लगी थी आग, दी गई ट्रेनिंग

बताया गया है कि जिस फ्लैट में आग लगी, वह काफी समय से बंद था और उसमें बड़ी मात्रा में पुराना कबाड़ भरा हुआ था। आग में सारा कबाड़ जलकर राख हो गया। आग बुझाने के बाद दमकल अधिकारियों ने सोसायटी के निवासियों और सुरक्षा कर्मियों को इकट्ठा कर फायर फाइटिंग उपकरण चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण (Training) भी दिया, ताकि भविष्य में आपात स्थिति में वे स्वयं मोर्चा संभाल सकें।