आगरा: भाजपा नेता पर महिला ने लगाया छेड़छाड़-मारपीट का आरोप, लेकिन कॉलोनी वासी महिला के विरोध में उतरे

Crime

आगरा: ताजगंज थाना क्षेत्र में स्थित नेहरू एंक्लेव निवासी पूजा ने भाजपा नेता दिनेश अगरिया और उसके परिजनों पर छेड़छाड़ मारपीट का आरोप लगाया है। अपनी शिकायत को लेकर पीड़िता ताजगंज थाने पहुंची जहां पर उसने प्रार्थना पत्र दिया और फिर इस संबंध में एसएसपी से भी शिकायत करने की बात कही। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता दिनेश अगरिया और उसके परिजनों ने ही महिला पर अनैतिक कार्य में संलिप्त होने का आरोप लगाया है और उसके आरोपों को झूठा बताया है।

भाजपा नेता पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाने वाली महिला का कहना है कि शुक्रवार सुबह भाजपा नेता दिनेश अगरिया, उसकी पत्नी व परिवार के अन्य लोग घर में घुस आए। पहले तो भाजपा नेता ने उनके साथ छेड़छाड़ की और फिर विरोध करने पर उसने अपने परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। अपनी जान बचाने के लिए जब वह चिल्लाई तो ऊपर रह रहे किराएदार ने बमुश्किल उनकी जान बचाई। इसकी शिकायत 112 पर करने पर भाजपा नेता दिनेश अगरिया ने जान से मारने की धमकी दी।

महिला की ओर से शिकायत करने पर भाजपा नेता उसका परिवार भी सामने आया है। भाजपा नेता दिनेश अगरिया का कहना है कि महिला झूठे आरोप लगा रही है। जिस समय की वह घटना बता रही है वह वहां मौके पर ही मौजूद नहीं थे। वह अपने बेटे को लेने के लिए केंद्रीय विद्यालय ईदगाह गए हुए थे। वहां पर उनके साइन भी हो रखे हैं जिसकी जांच भी कराई जा सकती है महिला झूठे आरोप लगा रही है।

भाजपा नेता दिनेश अगरिया और उनकी पत्नी का आरोप है कि झूठा आरोप लगाने वाली महिला अनैतिक कार्य में लिप्त है। महिला जिस घर में रहती है उसकी स्वामी उमा शंकर उपाध्याय हैं जिन्होंने इस मकान को किराए पर दे रखा है। इस मकान में कई किराएदार रहते हैं। आरोप लगाने वाली महिला अनैतिक कार्यों में संलिप्त है जिसका विरोध करने पर यह झूठे इल्जाम लगाए गए हैं।

नेहरू एंक्लेव में हुई इस घटना को लेकर वहां के लोग भी आरोप लगाने वाली महिला के विरोध में उतर आए हैं। उनका आरोप है कि महिला के यहां रात दिन लोगों का आना जाना लगा रहता है, विरोध करने पर अक्सर झूठे आरोप लगाने की धमकी दिया करती है।