आगरा। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर अलौकिक आध्यात्मिक छटा से सराबोर रहा। इस विशेष पर्व पर बाबा श्याम का भव्य ‘फूल बंगला’ श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। रंग-बिरंगे और सुगंधित विदेशी पुष्पों से सजा बाबा का दरबार ऐसा लग रहा था मानो साक्षात स्वर्ग धरती पर उतर आया हो।
अलौकिक श्रृंगार ने मोह लिया मन
पूर्णिमा के मौके पर बाबा श्याम का स्वरूप अत्यंत मनोहारी था। बाबा को स्वर्ण मुकुट, चमकते कुंडल और विविध आभूषणों से सुसज्जित किया गया था। वहीं, तुलसी दल की दिव्य मालाओं ने बाबा की आभा को और भी बढ़ा दिया।
मंदिर परिसर सुबह से ही श्याम प्रेमियों के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर अपने जीवन की मंगल कामना की। यह विशेष फूल बंगला श्रृंगार और पोशाक सेवा भक्त विकास मांगलिक और विनीत मांगलिक द्वारा श्रद्धापूर्वक समर्पित की गई।
गर्मी में भक्तों के लिए विशेष सुविधाएं
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान भक्तों के सहयोग से निरंतर दिव्य श्रृंगार हो रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है ।
मंदिर की सीढ़ियों और परिसर में ग्रीन मैट बिछवाई गई है, ताकि भक्त बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें। मंदिर परिसर में पाइपों के माध्यम से हल्की जल बौछार (मिस्टिंग) की व्यवस्था की गई है, जिससे वातावरण शीतल बना रहता है। दर्शनार्थियों के लिए ट्रस्ट की ओर से निरंतर निशुल्क शीतल जल की प्याऊ संचालित की जा रही है, जो तपती धूप में भक्तों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
मंदिर ट्रस्ट की इन व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और बाबा श्याम से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।


