आगरा। नाई की मंडी स्थित कटरा हाथी शाह के श्री प्रेमानिधि मंदिर में श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के अंतर्गत शनिवार को बसन्तोत्सव अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। अधिकमास के 14वें दिन ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज के बसंती स्वरूप के दर्शन कर भक्त धन्य हो गए। मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल की फुहारों और मधुर कीर्तन के साथ फाग (होली) उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
बसंती वैभव में नजर आए ठाकुर जी
पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार बसंत पंचमी से 40 दिवसीय फाग महोत्सव का आरंभ माना जाता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए ठाकुर जी को नूतन बसंती (पीले) वस्त्र और भव्य स्वर्णाभूषण धारण कराए गए। मंदिर के पूरे प्रांगण को पीले पुष्पों और आम के पल्लवों से मनमोहक ढंग से सजाया गया था। ढफ, झांझ और मंजीरों की गूँज के बीच कीर्तनकारों ने बसंत और धमार के पदों का ऐसा गायन किया कि पूरा वातावरण भक्ति और फाग के रंगों में सराबोर हो गया।
भोग और दर्शन का आनंद
मंदिर के सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि बसन्तोत्सव के विशेष अवसर पर ठाकुर जी को ऋतु के अनुकूल बसंती हलवा, मालपुए और विभिन्न मिष्ठान्नों का भोग अर्पित किया गया। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने कहा कि पुष्टिमार्ग में बसंत पंचमी का दिन प्रेम, उल्लास और प्रभु के साथ सखा भाव का पर्व है। आज से ठाकुर जी के समक्ष गुलाल अर्पण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसने पूरे मंदिर परिसर को वात्सल्य और भक्तिभाव से भर दिया है।
श्रद्धालुओं में रहा भारी उत्साह
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि ठाकुर जी के दिव्य बसंती स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने प्रभु के चरणों में अबीर-गुलाल अर्पित कर फाग उत्सव का आनंद लिया। इस मनोरथ को सफल बनाने में चरण सेवक मनोज कुशवाह ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर रानू, नरेश, संजय शर्मा, सचेंद्र, दीपक प्रजापति, साहिल, दीपक भाटी और मानवेंद्र सिंह सहित अनेक भक्त मौजूद रहे।


