आगरा। हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्षों के सफर को याद करते हुए ताज प्रेस क्लब, आगरा में एक भव्य वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘बदलती पत्रकारिता, बदलती जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि पत्रकारिता में अनभिज्ञ लोगों का प्रवेश एक बड़ी चुनौती है। पत्रकारों को अपने संगठन के माध्यम से ऐसे तत्वों को स्वयं दूर करना होगा, ताकि हिंदी पत्रकारिता का गौरव अक्षुण्ण बना रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि हिंदी पत्रकारिता में दिनों दिन चुनौतियां बढ़ती जा रही है, अनभिज्ञ लोग भी पत्रकारिता में आ रहे हैं, उन्हें पत्रकार संगठनों को स्वयं दूर करना होगा। हिंदी पत्रकारिता का गौरव स्वयं कायम रखना होगा।
केंद्रीय मंत्री बघेल, ताज प्रेस क्लब द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस की दो सौ वी जयंती पर मुख्य अतिथि के रूप में विचार व्यक्त कर रहे थे। इस पर हुई विचार गोष्ठी का विषय था-बदलती पत्रकारिता, बदलती जिम्मेदारी। इस मौके पर शहर के वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 11 हजार रुपये और दिल्ली से आये आगरा के मूल निवासी वरिष्ठ पत्रकार राकेश आर्य ने 51 हजार रूपये देने की घोषणा की। वरिष्ठ पत्रकार श्री नेबिल स्मिथ ने भेजे अपने संदेश में लाइब्रेरी के लिए एक अलमारी देने की घोषणा की है।
श्री बघेल ने कहा कि उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया भले ही प्रचार का माध्यम हो, लेकिन यदि रिकार्ड रखना हो तो समाचार पत्र ही उपयोगी है। हमारा और पत्रकारों का रिश्ता ननद भौजाई जैसा है। शिकायतें भी करते है और प्रेम भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि पहले जो भी बड़े नेता थे, उन्होंने पत्रकारिता ही की है। किपत्रकारिता की ताकत को देखते हुए ही समाजवादी चिंतक राममनोहर लोहिया ने ही हिंदी पत्रकारों को चौथा स्तंभ कहा था।
उन्हें पत्रकारों को हमेशा सहयोग ही मिला है।यदि हम दो कदम साथ चले तो पत्रकार चार कदम हमारे साथ रहे हैं। उन्होंने प्रेस क्लब भवन में सोलर सिस्टम लगवाने के अपने आश्वासन को दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब इतना शानदार बन चुका है कि हम पूरे देश में कहीं भी कह सकते हैं कि आगरा में भी ताज प्रेस क्लब है।
पत्रकार समाज का दर्पण: योगेंद्र उपाध्याय
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का गौरवशाली स्थान रहा है। लेकिन जिस प्रकार अन्य क्षेत्रों में गिरावट आई है, उसी प्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में गिरावट आई है। चूंकि पत्रकार समाज का दर्पण होता है, इसलिए पत्रकारों को अपने अतीत को स्मरण करके गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।
पत्रकारों को समझना होगा- पुरुषोत्तम खंडेलवाल
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी कहा कि पत्रकारों को अपने बीच में घुसे गैर पत्रकारों को समझना होगा, वे समाज के साथ-साथ पत्रकारिता का भी अहित कर सकते हैं। इसलिए ताज प्रेस क्लब की भी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल,उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया विशेषज्ञों ने हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वक्ताओं ने बताया कि समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में व्यापक परिवर्तन आए हैं। प्रिंट मीडिया से लेकर डिजिटल और सोशल मीडिया तक के दौर में पत्रकारों के सामने नई चुनौतियां और जिम्मेदारियां खड़ी हुई हैं।
ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना पूरे मीडिया जगत के लिए गौरव का विषय है। ताज प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों और उनके पेशेवर विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन महासचिव विवेक जैन ने किया।
समारोह में दिल्ली से आये वरिष्ठ पत्रकार राज कुमार सिंह, डॉ प्रतीक मिश्र, राकेश आर्य, आशु सक्सेना, लखनऊ से गोलेश स्वामी,जयपुर से अभिषेक मेहरोत्रा का विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मान किया गया। इसके अलावा प्रेस क्लब के लगभग 100 वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया गया. इन सबका सम्मान कार्यकारिणी के सदस्यों ने किया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष आदर्श नंनद गुप्त, डॉ सज्जन सागर, अजेंद्र चौहान, सचिव आलोक द्विवेदी, अनिल राणा, पीयूष शर्मा, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, कार्यकारणी सदस्य शीतल सिंह माया, जगत नारायण शर्मा, अरुण रावत, मनीष जैन, वीरेंद्र इमल, एस पी सिंह, जय सिंह वर्मा, फरहान खान, राजेश दुबे, राजेश शर्मा, शरद शर्मा, आगरा के पत्रकारों में जेपी सिंह, आशीष बिंदुसार, हरिओम, राजकुमार मीना, हरेश त्यागी, जावेद खान, अमित शर्मा सहित ताजनगरी आगरा के कई पत्रकार उपस्थित रहे।


