आगरा: जोंस मिल जमीन घोटाले में आप का भीख मांगो अभियान, जिला मुख्यालय पर दिया जा रहा धरना

Politics

आगरा: जोंस मिल जमीन घोटाले में जिला प्रशासन अभी तक भू माफियाओं और इस घोटाले में शामिल दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सका है। इसका मतलब है कि जिला प्रशासन भू माफियाओं और दोषी अधिकारियों को पाल रहा है। भू माफियाओं और दोषी अधिकारियों के लालन-पालन और भरण पोषण में पैसे की भी जरूरत होती है। इसीलिए जिला प्रशासन की मदद के लिए आज धरना प्रदर्शन पर भीख मांगी जा रही है। भू माफियाओं और दोषी अधिकारियों के लिए भीख का कटोरा रखा गया है और जो भी भीख इसमें आएगी वह प्रशासन को सौंप दी जाएगी। यह कहना है आप नेता कपिल बाजपेई का।

भू माफियाओं के खिलाफ आप ने खोला है मोर्चा

जोंस मिल जमीन घोटाले प्रकरण को लेकर आम आदमी पार्टी ने भू माफियाओं और इसमें शामिल दोषी अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले कई दिनों से आम आदमी पार्टी जिला मुख्यालय पर धरना देकर अपनी इस आवाज को बुलंद कर रही है। अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। जिससे आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि सब कुछ साफ है लेकिन पुलिस प्रशासन और भूमाफिया आपस में ताना-बाना बुनकर इस कार्यवाही को नहीं होने दे रहे हैं।

128 बीघा जमीन का है घोटाला

आप नेता कपिल वाजपेई का कहना है कि जोंस मिल जमीन घोटाला प्रकरण काफी बड़ा है। भू माफियाओं और तत्कालीन अधिकारियों ने सांठगांठ कर 128 बीघा जमीन भू माफियाओं को सौप दी है। जब इसकी जांच हुई तो सभी लोग भूमाफिया भी घोषित हो गए लेकिन अभी तक जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे साफ है कि जिला प्रशासन भू माफियाओं को बचा रहा है और उन्हें पाल रहा है। उनके पालन पोषण के लिए जो व्यवस्थाएं होनी हैं, अब उसमें आम आदमी पार्टी भी भीख मांगकर सहयोग करेगी।

भू माफियाओं के भरण-पोषण के लिए मांग रहे हैं भीख

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भू माफियाओं और दोषी अधिकारियों के भरण पोषण हेतु बुधवार से भीख मांगना शुरू कर दिया है। उन्होंने अपने धरना स्थल पर एक टोकरी रखी है और उसका भू माफियाओं की मदद से संबंधित पंफलेट भी लगाया है। उनका कहना है कि भूमाफिया और भ्रष्ट अधिकारियों की भूख बड़ी है। इसीलिए उन्हें बड़ी रकम चाहिए होगी। इसीलिए आम व्यक्ति से भीख मांगकर यह रकम जुटाई जा रही है।