56 पूर्व नौकरशाहों ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी, AAP की मान्‍यता समाप्‍त की जाए

Politics

शिकायत करने वालों में कई बड़ी शख्सियतें

जिन पूर्व अफसरों ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी पर दस्तखत किया, उनमें कर्नाटक के पूर्व एसीएस एम. मदन गोपाल, केरल के पूर्व चीफ सेक्रेटरी आनंद बोस, भारत सरकार के पूर्व खाद्य वितरण सचिव आरडी कपूर, पूर्व पेट्रोलियम सचिव सौरभ चंद्रा, सिक्किम के पूर्व मुख्य सचिव के. श्रीधर राव, पुदुचेरी के पूर्व मुख्य सचिव सीएस खैरवाल और पूर्व राजदूत निरंजन देसाई जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आप जिस तरह से सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों का राजनीतिकरण कर रही है, वह बहुत खतरनाक है। उन्होंने कहा, ‘सरकारी कर्मचारी पक्ष-विपक्ष के भेद से ऊपर उठकर सरकार और जनता की सेवा करते हैं। उनका काम संसद और कार्यपालिका की नीतियों को लागू करना है।’ उन्होंने चिट्ठी में आगे लिखा, ‘उपरोक्त बातों के मद्देनजर हम भारत के चुनाव आयोग से आप की राजनीतिक दल होने की मान्यता वापस लेने का आग्रह करते हैं। पार्टी ने नियमों का खुला उल्लंघन किया है।’

पंजाब के बाद गुजरात में भी बाजी मारना चाहती है आप

ध्यान रहे कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में सरकार बनाने के बाद गुजरात में जोर लगा रही है। वहां इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आप को लगता है कि वह प्रदेश में एक बड़ा प्लेयर बनकर उभर सकती है। इस कारण पार्टी का शीर्ष नेतृत्व गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहा है। इसी क्रम में पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी गुजारत जा रहे हैं। उन्होंने सूरत में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकारी अधिकारियों से आप के लिए काम करने की अपील की। उनकी इसी अपील को 56 पूर्व नौकरशाहों का समूह अनैतिक और गैर-कानूनी मान रहा है।

-एजेंसी