बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मॉंग नीतीश की नाकामी का नमूना: चिराग पासवान

Politics

बिना किसी के आगे हाथ फैलाए बढ़ा जा सकता है

चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। 19 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अगर विशेष राज्य के दर्जा के लिए मुहिम चलाना पड़े, तो यह सरकार की विफल नीतियों को दर्शाता है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर क्यों नहीं 19 सालों में बिहार को इतना सक्षम बनाया ताकि बिना किसी के आगे हाथ फैलाए बिहार को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोई एक भी ऐसी योजना बता दें जिससे बिहार का राजस्व बढ़ा हो।

34 वर्षों तक राज करने के बाद अब विशेष दर्जा की याद

उन्होंने महागठबंधन के नेताओं को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि न सिर्फ मुख्यमंत्री, बल्कि पूरे गठबंधन को शर्म आनी चाहिए। 34 वर्षों तक राज करने के बाद आज विशेष दर्जा की याद आई है। 34 साल में भी सरकार बिहार की अर्थव्यवस्था को इतना आगे नहीं बढ़ा सकी कि राज्य आत्मनिर्भर बन सके।

डेढ़ साल में 51 सुरक्षाकर्मियों की हत्या

चिराग ने नीतीश को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि इस सरकार में दलितों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने नीतीश पर माफियाओं का संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि साल डेढ़ साल में 51 सुरक्षा कर्मियों की हत्या हुई है। जनवरी 2022 से लेकर अगस्त 2023 तक 1488 बार पुलिसकर्मी पर हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि ये हमले शराब माफिया, बालू माफी और भू माफिया कर रहे, लेकिन एक भी बड़े माफिया की गिरफ्तारी नहीं हुई।

Compiled: up18 News