यादव परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का आकस्मिक निधन, सपा प्रमुख ने जताया शोक

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे बड़े परिवारों में से एक, ‘यादव कुनबे’ से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद समाचार के बाद पूरे प्रदेश के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गई सांसें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। हालांकि, डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

अखिलेश यादव ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

अपने छोटे भाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर लिखा, “श्री प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि!”

​सियासत से दूर, फिटनेस और समाजसेवा से था लगाव

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी स्वर्गीय साधना गुप्ता के पुत्र थे। राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद उन्होंने खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा और रियल एस्टेट व फिटनेस के क्षेत्र में अपना करियर बनाया। लखनऊ में उनका एक अत्याधुनिक जिम है और वे अक्सर अपनी फिटनेस वीडियो साझा करते थे। इसके अलावा, उन्हें एक बड़े पशु प्रेमी के रूप में भी जाना जाता था। उनके परिवार में पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव (भाजपा नेता) और दो बेटियां हैं।