वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर आगरा नगर निगम के ट्रक में लगी भीषण आग, लगा भंयकर जाम

स्थानीय समाचार

आगरा। आज बुधवार सुबह लगभग 11:00 बजे के आसपास वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर चल रहे आगरा नगर निगम के एक ट्रक में भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में पूरा कर आ गया और धूं-धूं कर जलने लगा। इसे देखकर सुल्तानगंज पुलिया से रामबाग की तरफ जाने वाले सभी वाहन रुक गए। फिलहाल फायर बिग्रेड और क्षेत्रीय पुलिस को सूचना दे दी गई है खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची थी।

जानकारी के मुताबिक आगरा नगर निगम का एक ट्रक सुल्तानगंज फ्लाईओवर से रामबाग की ओर जा रहा था। वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान ही उसमें आग लग गई। भीषण गर्मी के चलते चंद सेकेंड में ही पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। ट्रक में आग लगने को देखकर वाहन सवारों में हड़कंप मच गया और पीछे से आ रहे सभी बड़े छोटे वाहन जहां तहां रुक गए।

इसके चलते नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लग गया। सुल्तानगंज पुलिया से लेकर वाटर वर्क्स फ्लाई ओवर से पहले तक सभी वाहन जहां के तहां खड़े हुए हैं। भीषण जाम लगा हुआ है, वहीं ट्रैफिक पुलिस रूट डायवर्जन कर वाहनों को निकालने का प्रयास कर रही है।