सोमनाथ (गुजरात): भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ की पावन धरती पर सोमवार को आस्था और राष्ट्रवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहाँ अभूतपूर्व स्वागत हुआ। हेलीपैड से लेकर वीर हमीरजी सर्कल तक के करीब 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जनसैलाब इस कदर उमड़ा कि हर तरफ केवल ‘मोदी-मोदी’ और ‘जय सोमनाथ’ के नारे सुनाई दे रहे थे।
सांस्कृतिक विविधता और भव्य रोड शो
प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान पूरा सोमनाथ शहर तिरंगों और भाजपा के झंडों से पटा नजर आया। सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री पर फूलों की बारिश की। इस रोड शो की खास बात यह थी कि यहाँ केवल गुजरात ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर भारत की ‘विविधता में एकता’ का दर्शन कराया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहे।
हवा में ‘सूर्य किरण’ का पराक्रम
महोत्सव की भव्यता तब और बढ़ गई जब भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण एरोबैटिक टीम’ ने नीले आसमान में अपना कौशल दिखाया। छह ‘हॉक एमके-132’ विमानों ने ऐतिहासिक मंदिर परिसर के ऊपर से गुजरते हुए हैरतअंगेज हवाई कलाबाजियां कीं, जिसे देख वहां मौजूद लाखों श्रद्धालु रोमांचित हो उठे।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद की यादों को किया ताजा
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी भावनाओं को साझा करते हुए लिखा, “आज मैं यहाँ उस क्षण को जी रहा हूँ, जिसका अनुभव देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 1951 में मंदिर के लोकार्पण के समय किया होगा।” उन्होंने इस वातावरण को अद्भुत ऊर्जा से भरा हुआ बताया। पीएम मोदी ने मंदिर में पहुँचकर ‘विशेष महापूजा’, ‘कुंभाभिषेक’ और ‘ध्वजारोहण’ की रस्मों में हिस्सा लिया।
स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी होगा
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, इस ऐतिहासिक 75वीं वर्षगांठ को चिरस्थायी बनाने के लिए पीएम मोदी एक स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे। जामनगर में रात्रि विश्राम के बाद सोमनाथ पहुंचे प्रधानमंत्री का यह दौरा धार्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रोड शो में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए मंदिर के पास स्थित वीर हमीरजी सर्कल तक हेलीपैड से लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हजारों लोग जमा हो गए। जब उनका काफिला इलाके से गुजरा तो समर्थकों ने झंडे लहराए और नारे लगाए, जबकि पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के कलाकारों ने मार्ग में निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए।

