Agra News: श्रीराम चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की रखी नई नींव

विविध

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में खेल जरूरी : पद्मश्री डॉ. पारीख

श्रीराम वेलफेयर फाउंडेशन ने बच्चों को मोबाइल नहीं, मैदान से जोड़ने का किया प्रयास

आगरा। आज बच्चे मोबाइल और टीवी पर ज्यादा समय बिताते हैं, बच्चे फिजिकल एक्टिविटीज़ में हिस्सा लें, फिट रहें और मिलजुलकर खेलना सीखें। इससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलेगी। ये उद्द्गार मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. आर. एस पारीख ने श्रीराम वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से सुभाष पार्क स्थित सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में नवनिर्मित श्रीराम चिल्ड्रन पार्क के लोकार्पण समारोह में व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था तुम मुझे खेल का मैदान दो मैं तुम्हें सच्चे राष्ट्रभक्त दूंगा आज यह उसी का पालन संस्था कर रही हैं। अतिथियों का उनके आगमन पर स्वागत एनसीसी की परेड और स्कूल बैंड के द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. एम.सी गुप्ता ने बताया कि संस्था के प्रेरणा स्रोत श्री रामचंद्र अग्रवाल की स्मृति में स्थापित पार्क का उद्देश्य नई पीढ़ी की सृजनात्मक प्रतिभा का विकास करना है। स्कूल के पार्क में बच्चे सुरक्षित और साफ-सुथरे माहौल में खेल सकते हैं और अलग-अलग एक्टिविटीज़ का आनंद ले सकते हैं।

संस्थापक ट्रस्टी लक्ष्मण दास अग्रवाल ने बताया कि श्री रामचंद्र अग्रवाल की स्मृति में इस छटवें पार्क का उद्धाटन डॉ. एम.सी गुप्ता, पद्मश्री डॉ. आर. एस पारीख, डॉ. आर.पी. मंगल, के.के. पालीवाल और शशि शिरोमणि ने चिल्ड्रन पार्क के मुख्य द्वार का फीता काट कर किया। अगले तीन पार्को का निर्माण पंचकुइया में सरस्वती शिशु मंदिर, दहतोरा में संतोष रानी सोमनाथ शिशु मंदिर और दयालबाग में बाबा केशव दास सरस्वती शिशु मंदिर में किया जाना प्रस्तावित है।

संचालन सुशील सरित, शालिनी चौहान और गीता बंसल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक प्रमोद गोयल, प्रधानाचार्य सुमन राजपूत, प्रो. रीता निगम, जेपी बंसल, राधा मुकुल गुप्ता, नन्द नंदन गर्ग, संजीव दौनेरिया, डॉ. केशव दत्त गुप्ता, चंद्रशेखर शर्मा, हरीश भदोरिया, डॉ. सपना गोयल, रश्मि सिंह, आदित्य, आलोक, अनुराग, ज्योति, रूपाली, अर्चना आदि मौजूद रहे।