नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-22 (थाना सेक्टर-24 क्षेत्र) में एक पिज्जा शॉप का हैरान करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि दुकान पर पिज्जा तैयार करते समय युवक पिज्जा बेस पर थूक रहा था। इस वीडियो के सामने आते ही स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
यह पूरा मामला चौड़ा गांव स्थित ‘पिज्जा हंट’ (Pizza Hunt) नाम की दुकान का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान मुजम्मिल के रूप में हुई है, जो दुकान का संचालक है। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को बार-बार पिज्जा बेस के साथ आपत्तिजनक हरकत करते देखा गया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दुकान पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
आरोपी की सफाई और पुलिस का रुख
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मुजम्मिल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी सफाई में कहा कि वह पिज्जा बेस पर लगे अतिरिक्त मैदे को साफ करने के लिए ‘फूंक’ मार रहा था, थूक नहीं रहा था। हालांकि, पुलिस इस दलील से संतुष्ट नहीं है और वीडियो की गहनता से फॉरेंसिक जांच करा रही है।
पुलिसिया कार्रवाई
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल आरोपी को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों और ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ के मामले में सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

