गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय ओपन सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने शिरकत की। उन्होंने महिला और पुरुष पहलवानों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का शुभारंभ किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने न केवल आयोजन की सफलता पर चर्चा की, बल्कि विनेश फोगाट के हालिया बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।
विनेश फोगाट के बयान पर हमला
हाल ही में विनेश फोगाट द्वारा दिए गए बयानों के सवाल पर करण भूषण सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “अगर कोई ‘बेशर्म’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता है, तो यह उसकी मानसिकता को दर्शाता है। किसी की जाहिलियत को हम सुधार नहीं सकते, हर किसी को अपनी मर्यादा का ज्ञान होना चाहिए।” उन्होंने आगे जोड़ा कि सार्वजनिक जीवन में कई बातें बुरी लगती हैं, लेकिन संयम बनाए रखना जरूरी है।
कुश्ती का वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर
सांसद ने बताया कि इस चैंपियनशिप में देशभर के लगभग 1400 महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन दोनों वर्गों के पहलवान शामिल हैं। उन्होंने नंदनी नगर के सेमी-डोम इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं पूरे भारत ही नहीं, बल्कि एशिया में भी बहुत कम जगहों पर उपलब्ध हैं।
बाधाएं हुईं खत्म
महिला खिलाड़ियों के तीन साल के लंबे अंतराल के बाद नंदनी नगर में वापसी करने के सवाल पर करण भूषण ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ समय में कुछ बाधाएं और समस्याएं थीं, लेकिन अब वे पूरी तरह खत्म हो गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अब कुश्ती की गतिविधियां बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ती रहेंगी।


