नई दिल्ली: देश में इस बार मानसून की आहट समय से पहले सुनाई देने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून अपने तय समय (1 जून) से करीब 4 दिन पहले ही भारत में दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने एक मजबूत मौसमी सिस्टम के चलते इसके 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने की प्रबल संभावना है। अगले 48 घंटों में यह सिस्टम और अधिक शक्तिशाली होगा, जिससे दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी।
पहाड़ों से मैदानों तक बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर प्रदेश के 38 जिलों, बिहार और उत्तराखंड के सभी हिस्सों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पहले ही आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है, जहाँ 5 घरों और 7 गोशालाओं की छतें उड़ने की खबर है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में ‘आग’ बरसा रहा आसमान
एक तरफ जहाँ बारिश की संभावना है, वहीं राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश भीषण लू (Heatwave) की चपेट में हैं। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर 47.3°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में भी पारा 45 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी तापमान 45°C के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

