आगरा, 10 मई: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने रविवार को आगरा के माथुर वैश्य महासभा भवन में सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला। स्वतंत्रता सेनानी और पांच बार सांसद रहे सेठ अचल सिंह की 132वीं जयंती के अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लोगों के वजूद को खरीदने का प्रयास कर रही है, लेकिन सिद्धांतों पर चलने वाले व्यक्ति कभी नहीं बिकते।
प्रधानमंत्री और वाराणसी की विरासत पर तंज
वाराणसी से ताल्लुक रखने वाले अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा कर माहौल बनाने की कोशिश की जाती है, लेकिन असलियत में वाराणसी की पुरातन विरासत को नष्ट किया गया है। उन्होंने समाज से निस्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों को आगे आने का आह्वान किया।
”आगरा बने देश की राजधानी”
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने एक बड़ी मांग रखते हुए कहा कि दिल्ली अब प्रदूषण के कारण ‘गैस चैंबर’ बन चुकी है। ऐसे में आगरा को देश की राजधानी बनाने की पुरजोर वकालत होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा का विकास रुका हुआ है और विकास के नाम पर केवल लूट हो रही है।
डबी सरीन का नागरिक अभिनंदन
इस वर्ष का ‘नैतिक सदाचारी नागरिक’ सम्मान प्रसिद्ध उद्यमी और समाजसेवी डबी सरीन को दिया गया। मुख्य अतिथि अजय राय, उनकी पत्नी सुधा राय और प्रदीप जैन आदित्य ने उन्हें सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और 31 हजार रुपये का चेक भेंट किया। डबी सरीन ने आभार जताते हुए कहा कि व्यक्ति को समाज के लिए सदैव ‘दाता’ की भूमिका में रहना चाहिए।
प्रतिभा का सम्मान और ट्रस्ट की सेवा
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रा काजल (बी.डी. जैन कन्या इंटर कॉलेज) को विज्ञान वर्ग में जिले में प्रथम आने पर स्कॉलरशिप और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अचल ट्रस्ट के मंत्री राजीव अग्रवाल और उपमंत्री मनोज वोहरा ने ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सेठ अचल सिंह द्वारा एक लाख रुपये से शुरू किया गया यह ट्रस्ट आज जनसेवा की नई ऊंचाइयां छू रहा है।
श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह का शुभारंभ सेठ अचल सिंह और स्व. निहाल सिंह जैन के चित्रों पर माल्यार्पण से हुआ। कलाकारों ने “वैष्णव जन तो…” भजन और ‘वंदे मातरम’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर संत हरबंस सिंह, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरजा शंकर शर्मा, अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशिभूषण शिरोमणि सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

