आगरा: ताजनगरी के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर के जश्न को मातम में बदल दिया। एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक भिड़ंत में ऑटो सवार पिता और उनके 14 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और दो अन्य बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दिल्ली से शादी में आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी नेमीचंद (36) पेशे से ऑटो चालक थे। वह अपने परिवार के साथ आगरा के सदरवन गांव में अपने चाचा की बेटी सोनम की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे परिवार के पांच सदस्य ऑटो में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी बिचपुरी रोड पर यह हादसा हो गया।
परखच्चे उड़े, मौके पर ही थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एंबुलेंस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर पलट गया। हादसे में नेमीचंद और उनके बड़े बेटे शिवम (14) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, नेमीचंद की पत्नी कांता, पुत्र गोविंदा और निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में हादसे का कारण एंबुलेंस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार लग रही है। पुलिस एंबुलेंस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शादी वाले घर में इस हादसे की खबर पहुँचते ही कोहराम मच गया है।

