आगरा: ताजनगरी इन दिनों पूरी तरह से आध्यात्मिक रंग में रंगी नजर आ रही है। शहर के अलग-अलग कोनों में कहीं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की लीलाओं का बखान हो रहा है, तो कहीं ‘हारे के सहारे’ बाबा खाटूश्याम के जयकारे गूंज रहे हैं। इन धार्मिक आयोजनों ने शहर के वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया है।
रोहता में उतरा ‘अयोध्या’ का उल्लास
रोहता स्थित पीएस गार्डन में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन श्री कामदगिरि पीठाधीश्वर स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने भगवान राम के प्राकट्य का वर्णन किया। “भए प्रकट कृपाला…” के गायन के साथ ही पूरा पांडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। स्वामी जी ने पारिवारिक मर्यादा पर जोर देते हुए कहा कि सुखद जीवन के लिए पति-पत्नी में परस्पर सम्मान अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। यहाँ 19-20 मार्च को निशुल्क
स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा।
शास्त्री नगर में राम वनवास प्रसंग से आंखें नम
लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में भरत उपाध्याय की रामकथा के छठवें दिन राज्याभिषेक और वनवास का मार्मिक वर्णन किया गया। कथा व्यास ने मंथरा के चरित्र के माध्यम से समाज को चुगली और निंदा से बचने की सीख दी। उन्होंने बताया कि कैसे श्रीराम ने पिता के वचनों के लिए राजसुख को तिनके के समान त्याग दिया।
जीवनी मंडी मंदिर में श्याम बाबा का ‘दिव्य दरबार’
पापमोचनी एकादशी के अवसर पर जीवनी मंडी स्थित खाटूश्याम मंदिर में भक्ति का अनूठा नजारा दिखा। श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति द्वारा आयोजित 23वें अरदास संकीर्तन में पटियाला के गायक विशाल शैली ने भजनों से समां बांध दिया। बाबा का श्रृंगार विशेष रूप से ऑर्चिड और गुलाब के फूलों से किया गया।
निशान यात्रा और मेहंदी उत्सव
इससे पूर्व, श्रीमन: कामेश्वर महादेव मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसे भाजपा नेता अलौकिक उपाध्याय ने रवाना किया। रावत पाड़ा और छत्ता बाजार होते हुए यात्रा मंदिर पहुँची, जहाँ सूरजगढ़ धाम का निशान अर्पित किया गया। वहीं, मेहंदी उत्सव में महिलाओं ने श्याम नाम की मेहंदी रचाई और भजनों पर जमकर नृत्य किया।

