आगरा में भक्ति की मिठास: श्री प्रेमानिधि मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्री गुसाईंजी जयंती, सजा जलेबी मनोरथ

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: कटरा हाथी शाह (नाई की मंडी) स्थित ऐतिहासिक श्री प्रेमानिधि मंदिर में श्री पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के 18वें दिन बुधवार को भक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर श्री गुसाईंजी (गोस्वामी श्री विट्ठलनाथ जी) की जयंती अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर में ‘जलेबी उत्सव’ के तहत ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का भव्य शृंगार किया गया और प्रभु को जलेबी का विशेष भोग अर्पित किया गया।

पुष्टिमार्ग में विशेष महत्व

पुष्टिमार्गीय परंपरा में गोस्वामी श्री विट्ठलनाथ जी का स्थान अत्यंत गौरवशाली है। उन्होंने महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य जी की पुष्टिभक्ति परंपरा को सेवा पद्धति और उत्सवों के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया। उनकी जयंती पर मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। श्रद्धालुओं ने प्रभु के दिव्य दर्शन कर स्वयं को कृतार्थ किया और महाआरती के पश्चात प्रसाद प्राप्त किया।

​सेवा और मनोरथ का दिव्य स्वरूप

मंदिर के मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि श्री गुसाईंजी ने पुष्टिमार्ग को नई दिशा और सेवा की समृद्ध परंपरा दी, जिसे आज भी पूर्ण निष्ठा से निभाया जा रहा है। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने जानकारी दी कि आज ठाकुर जी को विशेष वेशभूषा धारण कराकर जलेबियों के अलावा विभिन्न प्रकार की सात्त्विक सामग्रियों का भोग लगाया गया।

​इस आध्यात्मिक आयोजन में मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी, सुरेश चंद गोयल, मनीष गोयल, मोहित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल और सरदार सिंह धाकड़ सहित बड़ी संख्या में वैष्णव श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर में गूँजते कीर्तन और भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।