आगरा: संजय पैलेस स्थित श्री पूर्व मुखी श्री हनुमान मंदिर में आगामी 7 जून 2026 (रविवार) को प्रथम जीर्णोद्धार दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को महोत्सव के निमंत्रण कार्ड का विधि-विधान से विमोचन किया गया।
भव्य आयोजनों की रूपरेखा
महोत्सव के आयोजक राजेश अग्रवाल (राजू भाई) ने बताया कि मंदिर में इस विशेष अवसर पर प्रभु का भव्य श्रृंगार (पोशाक अर्पण) किया जाएगा। साथ ही, मनमोहक फूल बंगला सजाया जाएगा। शाम 5 बजे से आयोजित होने वाली दिव्य भजन संध्या में ‘नेहाश्री म्यूजिकल एंड इवेंट ग्रुप’ के कलाकार नेहा अग्रवाल, अमित बृजवासी और त्रिलोकी शर्मा अपनी सुरीली आवाज़ में भजनों की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम के समापन पर भोजन प्रसादी और विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें संजय पैलेस के सभी व्यवसायियों और परिवारों को सादर आमंत्रित किया गया है।
व्यापारियों के संकल्प से साकार हुआ मंदिर का स्वरूप
मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्षों तक यह प्राचीन मंदिर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। जनकपुरी महोत्सव के दौरान संजय पैलेस के व्यापारियों ने एकजुट होकर मंदिर के भव्य निर्माण का संकल्प लिया था, जो अब पूर्ण हो चुका है। आज यह मंदिर न केवल अपनी वास्तुकला, बल्कि अपनी अलौकिक ऊर्जा के लिए भी जाना जाता है।
मनीष अग्रसेना ने कहा कि संजय पैलेस के व्यस्त व्यावसायिक केंद्र के बीच स्थित यह दिव्य मंदिर पूरे क्षेत्र के लिए आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है।
कार्ड विमोचन के अवसर पर उपस्थित जनसमूह
इस अवसर पर रामअंशु शर्मा, अनिल अग्रवाल, विजय गुप्ता, नितिन मित्तल, नितिन आसवानी, मोनू भाई, योगेश गर्ग, रवि अग्रवाल, पंडित श्रवण कुमार, लवकेश अग्रवाल, अंजना अग्रवाल और रिनी मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।


