CM योगी ने किया पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला का उद्घाटन, फरह में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा

Regional

विराट किसान गोष्ठी में मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी

-उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के पंडित जी के सपने साकार करने का काम करेगी

-दीनदयाल धाम में आयुर्वेदिक औषधि केन्द्र के काम को आगे बढ़ाने के लिए आयुष विभाग से समन्वय कराएंगे

-दीनदयाल उपाध्याय गऊ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु विवि के साथ एमओयू करे

मथुरा। लोककला और लोक संस्कृति को समर्पित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला 11 अक्टूबर को दीनदयाल धाम, फरह में शुरू हो गया। महोत्सव और विराट किसान संगोष्ठी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस मौके पर उन्होंने बृज प्रांत से आए हजारों किसानों को संबोधित किया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पैतृक भूमि को नमन करते हुए कहा- उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के पंडित जी के सपने साकार करने की काम करेगी। उन्होंने फरह में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। परखम में बनाए जा रहे दीनदयाल उपाध्याय गऊ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र के संबंध में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु विश्वविद्यालय के साथ एमओयू करके काम करें। दीनदयाल धाम में आयुर्वेदिक औषधि केन्द्र के काम को आगे बढ़ाने के लिए आयुष विभाग से समन्वय कराने की बात कही।

बता दें कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति और पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मभूमि स्मारक समिति द्वारा 11 से 14 अक्टूबर, 2023 तक पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मंच पर पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर मेला तथा विराट किसान गोष्ठी का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य पंडाल में हजारों किसानों की उपस्थिति ने सबको चौंका दिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर शंख ध्वनि की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बृज प्रांत की जागरण पत्रिका ब्रज संवाद की प्रति मुख्यमंत्री को भेंट की गई।

मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी लाल की जय, यमुना मैया की जय, राधारानी की जय, भारत माता की जय, गऊ माता की जय के साथ अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी तिथि के अनुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितम्बर को है लेकिन पंचांग के अनुसार आश्विन शुक्ल तृतीया को है जो इस बार 12 अक्टूबर को पड़ रही है। इस धरा को नमन है, जिसने ऐसे महापुरुष को जन्म लेने का अवसर दिया है। बृज भूमि पर धर्म, सत्य, न्याय की स्थापना के लिए कृष्ण ने अवतार लिया। उनके द्वारा कुरुक्षेत्र में दिया गया गीता का उपदेश 5 हजार साल बाद भी प्रासंगिक है। बृज के कण-कण में कृष्ण का वास है और तभी दुनिया यहां आती है। सरकार ने मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, नंदगांव आदि स्थानों को तीर्थ क्षेत्र में विकसित करने की कार्यवाही युद्धस्तर पर है। निवेश की नई संभावनाओं के लिए कोसीकलां में फूड प्रोसेसिंग गत वर्ष शुरू हो गया। छाता चानी मिल की पुनरोद्धार किया है। आगरा में आलू फूड प्रोसेसिंग शुरू होने वाला है।

कैसे गांव को आत्मनिर्भर बना सकते हैं, ग्राम स्वराज की परिकल्पना का कैसे साकार किया जा सकता है, इसका आदर्श उदाहरण दीनदयाल धाम है। किसान यहां आकर देखें कि किस तरह से वर्कशॉप चलता है। गौ उत्पादों से उत्तम क्वालिटी की औषधियों का निर्माण किया जा रहा है।

श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की भारतीयता की भावना के अनुरूप नई ऊँचाइयों पर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके प्रेरक पुरुष की जयंती पर यह कार्यक्रम है। हमारे किसान भाइयों ने खाद्यान्न में भारत को आत्मनिर्भर किया है। हम खाद्यान्न का निर्यात भी कर रहे हैं। दीनदयाल जी कहते थे- ‘हर हाथ को काम, हर खेत को पानी’ और डबल इंजन की सरकार इसी के लिए काम कर रही है। नौकरी के साथ स्टैंडअप इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार मिल रहा है। सरकार ने सरकारी नौकरियों में भेदभाव समाप्त कर दिया है। स्किल डवलपमेंट के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम चल रहे हैं। नई शिक्षा नीति इसी का उदाहरण है। इस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरू बनाएंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अन्नदाता किसानों के लिए आजादी के बाद धरती माता के स्वास्थ्य की चिंता पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड से की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लाए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 22 लाख हेक्टेअर भूमि की अतिरिक्त सिंचाई की गई। उत्तर प्रदेश में आते ही लघु व सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का ऋण माफ करने का काम किया। आजादी के बाद पहली बार लागत का डेढ़ गुना एमएसपी तय किया। यूपी में 60 हजार करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि दी जा चुकी है। हर साल तीन किस्तों में 6 हजार रुपये किसानों के खाते में स्वतः पहुंच रहे हैं। दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि सबसे नीचे के पायदान पर खड़ा व्यक्ति समृद्ध हो। सरकार यही कर रही है। गौमाता के संवर्धन का काम भी हम उठाएंगे।

श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां तक यहां के युवाओं का पुलिस और सेना में भर्ती के लिए तैयारी का सवाल है तो हर गांव में खेल का मैदान और ओपन जिम बने। ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बने। युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को हमने स्पोर्ट्स किट दी है। खेलो इंडिया, सांसद खेल प्रतिस्पर्धा के माध्यम से खेलों को बढ़ावा दिया गया है। इसी का परिणाम है कि एशियन गेम्स में भारत को 107 पदक मिले। यूपी के खिलाड़ियों ने 25 फीसदी मेडल जीते हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए फरह में मिनी स्टेडियम बनाएंगे। किसानों ने इस घोषणा का स्वागत करतल ध्वनि के साथ किया।

उन्होंने कहा कि हम तकनीक और प्रशिक्षण दें तो भारत दुनिया में रेडीमेट गारमेंट का हब बनेगा। आगरा में एक फैक्ट्री बन रही है। भारत दुनिया में आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है। मातृवंदन अधिनियम पारित होने से महिलाओं को 33 फीसदी सीटें आरक्षित हो गई हैं। इसके लिए पीएम मोदी का आभार प्रकट करें। 55 लाख गरीबों को आवास दिए हैं। 6 करोड़ लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज कर रहे हैं। कोरोना काल में लॉक डाउन के बावजूद पीएम मोदी ने फ्री राशन दिया। कोरोना की वैक्सीन फ्री दी। पीएम मोदी ने बिना भेदभाव के काम किया है। 5 राज्यों में चुनाव आए हैं तो विपक्षी दलों में भगदड़ है क्योंकि वे साढ़े चार साल तक सोये रहते हैं।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सोहनलाल शर्मा ने कहा कि यह मेला 40 वर्ष से आयोजित हो रहा है। यहां लोककला, लोक संस्कृति, एकात्म मानववाद, अंत्योदय योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी को परिवार आमंत्रित किया।

कामधेनु गौशाला समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने अवगत कराया कि यहां से 10 किलोमीटर दूर परखम गांव में दीनदयाल उपाध्याय गऊ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र बनाया जा रहा है। हम चाहते हैं कि गांव के हर घर में गौधन हो। गाय का दूध ही नहीं, गोबर और मूत्र भी उपयोगी है। इससे लघु उद्योगों का विकास होगा। इस बारे में मुख्यमंत्री के समक्ष वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

महोत्सव समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल ने संचालन करते हुए सांसद हेमा मालिनी और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी का सम्मान किया। संचालन में सहयोग प्रमिला राजपूत ने किया। मंच पर भाजपा किसान मोर्चा बृज प्रांत के महामंत्री प्रशांत पौनिया, ठा. चरन सिंह, ठा. सुरेन्द्र सिंह, तेजा गूजर, मनोज ठाकुर ने गदा, भारतीय किसान संघ के प्रदेश सचिव मोहन सिंह चाहर, गुलवीर सिंह, ऋषि कुमार, लक्ष्मण सिंह, अभिनय प्रताप सिंह, पारस ठाकुर ने हल भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

जैविक खेती करने के लिए किसान नरेश कुमार, भारत सिंह, राकेश कुमार और ऋषि कुमार (आगरा) को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। जगमोहन पाठक, अनिल सिहं, महीपाल, राम पाठक आदि ने मुख्यमंत्री को विशाल पुष्पहार पहनाया। फरह विकास खंड के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मंच पर ग्राम प्रधान सविता उपस्थित रहीं। लोकगायक महावीर सिंह चाहर ने लोकगीत सुनाकर मनोरंजन किया।

इससे पूर्व पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मारक में मुख्यमंत्री ने उपाध्याय जी की मूर्ति पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित किया। समिति अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने पटका पहनाकर स्वागत किया। मंत्री केशव देव शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत माल्यार्पण कर किया। नगला चन्द्रभान के निवासियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

12 अक्टूबर, 2023 के कार्यक्रम

प्रातः 9: बजे सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
पूर्वाह्न 11 बजेः लोकगायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
अपराह्न 1 बजेः एकात्म मानववाद विषय पर गोष्ठी। मुख्य अतिथिः इंद्रेश जी, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
अपराह्न 3 से 6 बजे तकः कुश्ती दंगल
शाम सात बजेः नवोदय कवि सम्मेलन
रात्रि 9 बजेः राष्ट्रीय कवयित्री सम्मेलन