आगरा: “सावधान! कंस की सेना आ रही है…” के जोरदार उद्घोष, खूंखार आँखें, डरावना व्यक्तित्व, हाथों में लहराती नंगी धारदार तलवारें और दूर से ही जनमानस में भय पैदा करती असुरराज कंस की विशाल सेना… शनिवार को ताजनगरी की सड़कों पर कुछ ऐसा ही रोमांचकारी और भव्य दृश्य देखने को मिला।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत द्वितीय दिवस कंस की दुहाई की भव्य सवारी निकाली गई। कंस के सैनिकों की डरावनी वेशभूषा, तलवारों की चमक और कंस के आतंक का उद्घोष करते सैनिकों को देखकर बच्चे सहमते नजर आए तो वहीं बड़ों के लिए यह दृश्य द्वापर युग की यादें जीवंत करने वाला रहा।
सवारी से पूर्व वाटर वर्क्स स्थित गौशाला प्रांगण में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद पांच सवारियों के साथ कंस की दुहाई का भव्य जुलूस निकाला गया। सवारी में कंस का भयावह स्वरूप, तलवारें लहराते सैनिक, कैद में पिता उग्रसेन और भयानक रूप में दिखाई गई बहन पूतना विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कंस के सैनिकों का हुंकार भरते हुए आगे बढ़ना और प्रजा को भयभीत करने का अभिनय देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मथुरा में एक बार फिर कंस का अत्याचार और आतंक लौट आया हो।
सवारी के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु इसे देखने के लिए एकत्रित हुए। बच्चों में कंस की सेना और उसके सैनिकों को लेकर विशेष उत्सुकता दिखाई दी। कोई डरकर अपने परिजनों के पीछे छिपता नजर आया तो कोई रोमांचित होकर तलवारें लहराते सैनिकों को देखता रहा। धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करती इस सवारी ने श्रीकृष्ण जन्म से पूर्व मथुरा में व्याप्त कंस के अत्याचारों का दृश्यात्मक चित्रण किया।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की शताब्दी से अधिक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। इसका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को केवल मंच पर प्रस्तुत करना ही नहीं, बल्कि सवारियों और विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से लोगों को द्वापर युग की घटनाओं से जोड़ना भी है।
कंस की दुहाई की सवारी भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण से पूर्व मथुरा में व्याप्त अत्याचार और भय के वातावरण को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि रविवार को गौशाला परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का आयोजन होगा, जिसमें भगवान के जन्म से पूर्व की घटनाओं और मथुरा में कंस के अत्याचारों से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
समिति महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित लीलाओं का मंचन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान की लीलाओं का दर्शन करने की अपील की।
लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र जैसी विशेष लीलाओं का मंचन भी किया जाएगा। इन लीलाओं के माध्यम से त्याग, सत्य, धर्म, भक्ति और आदर्श जीवन का संदेश दिया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर महंत गोपी गुरु, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, सुनील विकल, राजू यादव, अजय गर्ग, अरविंद शर्मा, सूरज तिवारी, शलभ शर्मा, रविंद्र अग्रवाल, पुष्कल गुप्ता, अशोक गोयल, विष्णु अग्रवाल राधे राधे, अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा, मनोज गुप्ता, संजय अग्रवाल, आशु रोहतगी, लक्ष्मण शर्मा, विनीत सिंघल, पंकज मोहन, ब्रजेश अग्रवाल, मनीष शर्मा, पंकज शास्त्री, अरविंद कुमार, आदि उपस्थित रहे।


