आगरा जनकपुरी महोत्सव: जनक महल पर पहुंचे सियाराम, दर्शनों को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

स्थानीय समाचार

आगरा: जनकपुरी बने संजय प्लेस में आज रात्रि दूल्हा राम और दुल्हन सीता की नयनाभिराम छवि देखने को समूचा शहर उमड़ पड़ा। भव्य जनक महल पर सभी स्वरूपों के विराजमान होने से पहले ही भारी जन समूह उमड़ पड़ा। राम, सीता, लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न और राजा दशरथ, राजा जनक आदि के मंच पर विराजमान होने के बाद लोग उनकी एक झलक पाने को लालायित हो उठे। जनक महल के सामने तिल धरने तक की जगह नहीं बची।

कोई दूर से स्वरूपों संग सेल्फी लेता तो कोई हाथ जोड़कर प्रणाम करता। श्रद्धा और भक्ति के पवित्र भावों के साथ जनकपुरी में बिखरी जगमग रोशनी और रामचरित मानस की चौपाईयों की स्वरलहरियों से वातावरण मिथिलानगरी से कुछ कम नहीं था। श्रीराम के स्वागत में जनकपुरी को सतरंगी लाइट से सजाया गया है।

सियाराम के गठजोड़े में बंधने के बाद जनवासे (पीएल पैलेस) से सियाराम बैंडबाजों संग जनकपुरी का भ्रमण करते हुए सभी स्वरूप मुख्य मंच पर पहुंचे। साथ में घोड़े और रथों पर सवार पिता राजा दशरथ, गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की सवारी थी।

सीता-राम के विवाह की खुशी में राजा जनक व मां सुनयना संग सजे धजे और झूमते गाते मिथिलावासी। जगह-जगह श्रीराम संग जनकदुराली के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी। लोग कहीं दीप प्रज्ज्वलित किए सियाराम की आरती उतारने के लिए बाट जोह रहे थे तो कहीं हाथों में फूल लिए स्वागत के लिए इंतजार रहे थे। मुख्य मंच पर सियाराम की आरती स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल ने सियाराम के स्वरूपों की आरती व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक डा जीएस धर्मेश, पूर्व विधायक चौधरी उदयभान सिंह, विधायक व रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल भी मंच पर मौजूद रहे।

जनक महल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिद्धिधान सांस्कृतिक संस्था लखनऊ के ऋषिराज पाण्डे व आगरा के हर्षित पाठक ने श्रीहरि के भजनों की भक्तिमय प्रस्तुति दी। संगत पर अतुल तिवारी, अनुष्का मिश्रा, मोहित कुमार, शिवम सैनी, मनीष राजपूत, आदित्य पाठक थे। रोशनी गिडवानी व नमिता वाजपेयी ने अपने साथी कलाकरों संग भक्तिमय नृत्य की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन रमन अग्रवाल, नूतन अग्रवाल और साथियों ने किया।

जनकपुरी में जगह-जगह आकर्षक झांकियां भक्तों को आकर्षित कर रहीं हैं।

इससे पहले बुधवार की सुबह प्रभु श्रीराम बारात का मंगल आगमन हुआ। इस दौरान प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भक्तजनों का सैलाब मिथिला नगरी उमड़ पड़ा। राजा जनक पीएल शर्मा ने प्रभु श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न स्वरूपों की अगवानी की।