यमुना को बनाएंगे दिल्ली की पहचान, हर भ्रष्टाचार की जांच होगी: PM मोदी

National

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में अहंकार, अराजकता और एक दशक से छाई आपदा की हार हुई है। धरना प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्लीवासियों ने ही यहां विकास के सामने से बड़ी रुकावट दूर कर दी है। पहले ही विधान सभा सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। हर भ्रष्टाचार की जांच होगी। जिसने भी दिल्ली को लूटा है, उसे लौटाना पड़ेगा। ये भी मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री दिल्ली के विधान सभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के लोगों में विजय का उत्साह है तो दिल्ली को आपदा से मुक्त कराने का सुकून है। चुनाव के दौरान मैंने हर दिल्लीवासी को एक पत्र भेजा था। दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए।

दिल्ली से मिले प्यार को सवा गुना कर लौटाएंगे

पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव में मेरी गारंटी पर भरोसा करने के लिए दिल्लीवासियों का सिर झुकाकर नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है। आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे। ये प्यार और ये विश्वास हम सभी पर एक कर्ज है। इसे अब दिल्ली की डबल इंजन सरकार दिल्ली का तेजी से विकास करके चुकाएगी। उन्होंने महिलाओं से किए वायदे पूरा करने का भी भरोसा दिलाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली की ये विजय एतिहासिक है। ये सामान्य विजय नहीं है। दिल्लीवासियों ने आपदा को बाहर कर दिया है। एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हो चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत ने इस विजय में चार चांद लगा दिए हैं।

दिल्ली का मालिक समझने वालों का सच से सामना

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो चुका है। दिल्ली के जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शार्ट कट, झूठ-फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली की जनता ने शार्ट कट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया है।

श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली ने लोकसभा चुनाव में मुझे कभी निराश नहीं किया। पिछले तीन चुनाव में सातों सीटों पर विजयी बनाया। भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में दिल्ली की पूरी तरह सेवा न कर पाने की टीस थी। आज दिल्ली ने हमारा यह आग्रह भी मान लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 21वीं पैदा हुई नौजवान पीढ़ी अब भाजपा का सुशासन देखेगी।

केजरीवाल की सोच पर प्रहार

अरविंद केजरीवाल सरकार पर प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कैसी राजनीति और कैसी सोच थी कि मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका गया। झुग्गी वालों को घर देने से रोका गया। आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। उन्होंने कहा कि गवर्नेंस नौटंकी और प्रचार और प्रपंच का मंच नहीं है। हम दिल्ली में धरातल पर रहकर गंभीरता से काम करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नतीजे बताते हैं कि डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र में रेकॉर्ड बना और अब दिल्ली में इतिहास रच गया है। दिल्ली सिर्फ शहर नहीं, लघु भारत है।

मिल्कीपुर का जिक्र करते ही जयकारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधान सभा सीट के उप चुनाव भाजपा को मिली जीत से गदगद है। पीएम ने आज भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिल्कीपुर में भाजपा को शानदार जीत मिली है। वहां हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। पीएम के मिल्कीपुर की विजय का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश की लहर दौड़ गई। सभी नारेबाजी करने लगे।

पहली बार दिल्ली और एनसीआर राज्यों में भाजपा सरकारें

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि दिल्ली एनसीआर के हर स्टेट में भाजपा की सरकार है। आजादी के बाद ये पहली बार हुआ है और ये बहुत ही सुखद संयोग है। इससे दिल्ली और एनसीआर के समुचित विकास में मदद मिलेगी।

यमुना को दिल्ली की पहचान बनाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम यमुना को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। ये काम कठिन है और कारवां लम्बे समय का है, लेकिन हमने ये संकल्प लिया है और इसे करके दिखाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि समय कितना भी लगे, हम यमुना मां की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे।

अन्ना हजारे को पीड़ा से मुक्ति मिली होगी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपदा वाले ये कहकर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति बदल देंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। समाजसेवी अन्ना हजारे लम्बे समय से आपदा वालों के कुकर्मों की पीड़ा भोग रहे थे। आज उन्हीं भी इस पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार थी जिसका मुख्यमंत्री और कई मंत्री भ्रष्टाचार में जेल गए। खुद को ईमानदार और दूसरों को बेईमानी बताने वाले खुद बेईमान निकले। शराब और स्कूल घोटालों ने दिल्ली को बदनाम किया। कोरोना में जब दिल्ली में लोग मर रहे थे, तब ये अपना शीशमहल बनवा रहे थे।

कांग्रेस परजीवी पार्टी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस पर अटैक किया। उन्होंने कहा दिल्ली में कांग्रेस को इस बार भी जीरो ही मिला है। इंडी एलाइंस की सारी पार्टियां अपना वोट बचाने को कांग्रेस के खिलाफ खड़ी थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुका है और अर्बन नक्सलवाद के रास्ते पर चल रही है।