लखनऊ/सैफई। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने अपने पैतृक आवास सैफई में दिवाली के पावन अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक ली। इस बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र देने के साथ-साथ अनुशासनहीनता और अमर्यादित भाषा को लेकर कड़ी चेतावनी भी दी है।
2027 का चुनाव ‘करो या मरो’ की लड़ाई
दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए शिवपाल यादव ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को समाजवादियों के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई करार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से पूरी ताकत के साथ बूथ स्तर पर डट जाएं। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं को उनके जमीनी दायित्व समझाते हुए कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं या जो अभी तक जुड़ नहीं पाए हैं, सभी कार्यकर्ता उन नामों को जुड़वाने का काम तत्काल शुरू करें। उन्होंने जानकारी दी कि 12 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष काम शुरू हो रहा है, जिसमें हर कार्यकर्ता को सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
बेईमानों और षड्यंत्रकारियों से है मुकाबला
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव सामान्य तरीकों से हटकर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुकाबला बेईमानों और षड्यंत्रकारियों के खिलाफ है, इसलिए चुनाव लड़ने के लिए हर मोर्चे पर मुस्तैद रहना होगा। किसी को भी किसी के भरोसे नहीं बैठना है और कोई कोर-कसर नहीं छोड़नी है।
उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार की नीतियों से परेशान और त्रस्त है। विशेष रूप से छोटा और मध्यम वर्ग का व्यापारी समाज बुरी तरह प्रभावित है। ऐसे में हम सभी को समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा और चुनाव लड़ना होगा।
अनुशासनहीनता पर होगी तत्काल कार्रवाई
बैठक के दौरान शिवपाल यादव ने सख्त लहजे में कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि पार्टी में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “अगर कोई कार्यकर्ता यह कहते हुए पाया गया कि ‘सरकार आने पर देख लेंगे’, तो ऐसे व्यक्ति को उसी क्षण पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।” इसके लिए सभी जिलों के अध्यक्षों को पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने इसके पीछे की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा के लोग ऐसे षड्यंत्र रच सकते हैं ताकि बदनामी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की हो। कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और वाणी पर पूरा संयम रखें। गलत और अमर्यादित भाषा से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए पूरी सावधानी बरतें और जो भी बोलें, सोच-समझकर बोलें।

