अखिलेश यादव संग जयंत चौधरी कल आगरा में, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

Politics

आगरा:  विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाने लगी है। बुधवार को बसपा सुप्रीमो अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आईं तो अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शुक्रवार को आगरा पहुँच रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव फतेहाबाद विधानसभा प्रत्याशी रुपाली दीक्षित के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आगरा आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ रालोद प्रमुख जयंत चौधरी भी साथ में मौजूद रहेंगे।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव करहल से खुद चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने में भी पीछे नहीं है। इसीलिए वह लगातार उत्तर प्रदेश की विधानसभा में अपने प्रत्याशियों के लिए जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। 4 फरवरी को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा आ रहे हैं। वह फतेहाबाद में एक महाविद्यालय में प्रत्याशी रूपाली दीक्षित के लिए एक सभा को संबोधित करेंगे और उनके लिए समर्थन जुटाएंगे।

अखिलेश यादव के आगरा आगमन को लेकर सपाई उत्साहित नजर आ रहे हैं और तैयारियों में पूरी तरह से जुट गए हैं। अखिलेश यादव की जनसभा सार्थक हो सके और उसका असर आगरा जिले की नौ विधानसभा पर पड़े, इसे लेकर सपा कार्यकर्ता जी तोड़ मेहनत में जुट गए हैं।