आगरा जनपद के कस्बा बाह के मोहल्ला जैन नगर में जेसीबी मशीन से नाले की सफाई कर रहे नगर पालिका सफाई कर्मचारियों से पूर्व फौजी का विवाद हो गया। जिसे लेकर पूर्व फौजी ने सफाई कर्मचारियों पर लाइसेंसी बंदूक तान की फायरिंग। जिसमें सफाई कर्मचारी बाल-बाल बच गए। बंदूक लिए पूर्व फौजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बाह के मोहल्ला बरुआ नगर में बुधवार को नगर पालिका के सफाई कर्मचारी महिपाल बाल्मीकि, निवासी बाल्मीकि बस्ती राजा का ताल बाह अपने साथी सफाई कर्मी सनी कुमार और रवि सहित अन्य कर्मियों के साथ जेसीबी मशीन से कस्बा बाह के मोहल्ला जैन नगर में पूर्व फौजी रमेश चंद्र पुत्र राम लखन के मकान दुकान के सामने नाले की सफाई कर रहे थे। बताया गया है कि नाले की सिल्ट उठाते समय सामने बने पूर्व फौजी के घर पर कीचड़ के छींटे पड़ गए। जिससे पूर्व फौजी बौखला गया और आक्रोशित होकर अपने अन्य लोगों के साथ सफाई कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगा। जिसे लेकर सफाई कर्मचारियों एवं पूर्व फौजी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पूर्व फौजी घर के अंदर गया और अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल कर सफाई कर्मचारियों पर तान फायरिंग कर दी। गोली चलने से सफाई कर्मचारी डर गए हड़कंप मच गया। उन्होंने जेसीबी मशीन के पास छिपकर पूर्व फौजी का लाइसेंसी बंदूक सहित एक वीडियो बना लिया और नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता थाना पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को देख कर लाइसेंसी बंदूक को छोड़ पूर्व फौजी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की और सफाई कर्मचारियों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तो वही पूर्व फौजी का बंदूक हाथ में लिए सोशल मीडिया पर वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसे लेकर लोगों में अलग-अलग तरह की चर्चा है।
रिपोर्टर- नीरज परिहार