कान्हा की नगरी में ‘कृष्णावतारम’ का आगाज: कृष्ण जन्मभूमि पर हजारों भक्तों के बीच लॉन्च हुआ फिल्म का ट्रेलर

Entertainment

मथुरा/मुंबई: भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा पल दर्ज हुआ जहाँ रील और रियल आध्यात्म का मिलन हुआ। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कृष्णावतारम’ का ट्रेलर किसी फाइव स्टार होटल में नहीं, बल्कि स्वयं भगवान कृष्ण की पावन जन्मभूमि पर लॉन्च किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर मथुरा-वृंदावन की गलियां “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूंज उठीं, जिससे यह फिल्मी इवेंट एक बड़े आध्यात्मिक उत्सव में तब्दील हो गया।

वृंदावन के प्रमुख मंदिरों तक फैला उत्सव

ट्रेलर लॉन्च के इस पावन आयोजन को और अधिक दिव्य बनाने के लिए इसे वृंदावन के प्रमुख धार्मिक केंद्रों तक ले जाया गया। रमन रेती मंदिर, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन में भी विशेष आयोजनों के साथ फिल्म की झलकियां दिखाई गईं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह किसी दिव्य अनुभव से कम नहीं था, जहाँ सिनेमाई भव्यता और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।

​7 मई 2026: तीन भागों में खुलेगी कृष्ण गाथा

यह फिल्म निर्देशक हार्दिक गज्जर के विजन का परिणाम है, जिसे एक विशाल फ्रेंचाइजी के रूप में तैयार किया गया है।
प्रख्यात लेखक प्रकाश कापड़िया और राम मोरी ने इसकी पटकथा तैयार की है। प्रसाद एस. के संगीत और इरशाद कामिल के शब्दों ने फिल्म में भावनात्मक गहराई भरी है। इस महागाथा का पहला चैप्टर 7 मई 2026 को पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

​सिर्फ फिल्म नहीं, एक श्रद्धा-समर्पण

निर्माताओं के अनुसार, ‘कृष्णावतारम’ केवल मनोरंजन के लिए नहीं बनाई गई है, बल्कि यह भगवान कृष्ण के प्रति एक श्रद्धा-सुमन है। फिल्म के दृश्य इतने भव्य हैं कि वे दर्शकों को द्वापर युग की याद दिला देंगे। फिल्म की टीम का मानना है कि यह फिल्म आधुनिक पीढ़ी को सनातन मूल्यों और श्री कृष्ण के जीवन दर्शन से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।

-अनिल बेदाग