आगरा: पिनाहट पेंटून पुल के स्लीपर हटने से घंटों लगा रहा वाहनों का जाम

स्थानीय समाचार

आगरा जनपद के कस्बा पिनाहट क्षेत्र से सटी चंबल नदी घाट पेंटूनपुल पर अचानक स्लीपर हटने से दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया, पुल पर करीब 3 घंटे तक जाम लगा रहा पुल ठीक होने के बाद ही जाम खुला।

जानकारी के अनुसार पिनाहट क्षेत्र से सटी चंबल नदी पिनाहट उसेथ घाट पर 2 राज्यों मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा हर वर्ष पैंटून पुल का निर्माण होता है। पेंटून पुल से दोनों राज्यों के हजारों दो पहिया, चार पहिया वाहनों सहित दर्जनों गांव के लोग आवागमन करते हैं। दोनों राज्यों को जोड़ने वाला मुख्य पेंन्टून पुल लोगों के आवागमन के लिए एक ही सहारा है। मगर ज्यादातर देखा जाए इस पुल की स्थिति अक्सर जर्जर दयनीय रहती है। पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों द्वारा पुल का रखरखाव नहीं होने के कारण पुल जर्जर अवस्था में है।

ऐसा ही मामला बुधवार को शाम देखने को मिला जहां वाहनों के गुजरते समय पैंटून पुल के लकड़ी के स्लीपर अचानक हट गए जिसके चलते दोनों राज्यों की सीमाओं में आवागमन करने वाले लोगों के वाहनों की कतार लग गई। जिससे दोनों तरफ पुल पर जाम लग गया। स्लीपर हटने के चलते करीब 3 घंटे तक जाम की स्थिति पुल पर बनी रही।

पीडब्लूडी विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद पुल के स्लीपर को ठीक किया और पोकलेन जेसीबी मशीन द्वारा सही अवस्था में मिट्टी डालकर ठीक किया गया। बाद में पुल को सुचारू किया गया। तब जाकर जाम खुला।

चंबल नदी पर बने पांटून पुल के स्लीपर को ठीक करते पीडब्लयूडी विभाग के कर्मचारी।

कर्मचारियों की लापरवाही के चलते जर्जर ​अवस्था में है पुल

वही दूरदराज के लिए जाने वाले लोगों का कहना था कि पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की लापरवाही के चलते पुल की स्थिति जर्जर अवस्था में है।जिसके चलते हादसे होने का भी डर सताया रहता है। ज्यादातर पुल की स्थिति खराब है। बड़े हादसे की आशंका जताई है।