आगरा मंडल में ट्रेनों की पेंट्रीकार में औचक निरीक्षण से हड़कंप, अवैध वेंडरों का किया गया चालान

स्थानीय समाचार

आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा स्टेशन एवं ट्रेनों में पेंट्रीकार एवं यात्री सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा द्वारा गाडी संख्या 12617 आगरा से मथुरा के मध्य पेंट्रीकार का निरीक्षण किया। इस दौरान एक बोरी आलू व दो ट्रे अंडे अनाधिकृत रूप से पाए गए, जिनको जब्त किया गया।

इसके बाद मथुरा स्टेशन पर यात्री सुविधाएं एवं खान-पान स्टालों का निरीक्षण किया गया। सात अवैध अनाधिकृत वेंडर पाए गये, जिन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। स्टेशन परिसर में रखे गये अनाधिकृत सामान (पानी की बोतल, कोल्डड्रिंक, चिप्स ) आदि को जब्त किया गया।

पेठा वेंडरों पर कार्यवाही

गाडी संख्या 22868 मथुरा से आगरा के मध्य पेंट्रीकार का निरीक्षण किया जिसमें तीन अनाधिकृत पेठा वेंडर पेठा बेचते हुए पाए गए। इन सभी अनाधिकृत पेठा वेंडरो पर आवश्यक कार्यवाही की गयी। इसी क्रम में 11078 आगरा से धौलपुर के मध्य पेंट्रीकार का निरीक्षण किया जिसमें पेंट्रीकार में अनियमता मिलने पर पेंट्रीकार प्रबंधक को मौखिक चेतावनी देते हुए सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद गाड़ी संख्या 11077 धौलपुर से आगरा के मध्य पेंट्रीकार का निरीक्षण किया जिसमें 15 पेटी बटर मिल्क (छाछ) अनाधिकृत पायी गयी जिसको जब्त किया गया।

यात्रियों से अपील, एमआरपी से ज्यादा रुपये न दें

गाडियों में यात्री सुविधाओ एवं साफ – सफाई का भी निरीक्षण कर सुधारात्मक कारवाही की गयी। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के साथ मंडल वाणिज्य निरीक्षक (जनपरिवाद & यात्री सुविधा) रहे। मंडल द्वारा समय समय पर टीम बनाकर ओवर चार्जिंग को लेकर स्टेशनो पर निरीक्षण कराया जा रहा है और ओवर चार्जिंग को लेकर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है।

यात्रियों की शिकायत कम से कम आये इसके लिए स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करने के लिए ओवर चार्जिंग को लेकर ऑडियो और विडियो के माध्यम से सन्देश दिया जा रहा है। यात्रियों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि खान-पान सामग्री पर एम आर पी से अधिक रुपये ना दे।