वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार (6 अक्टूबर 2022) को एक हादसे का शिकार हो गई। मुंबई से आते वक्त अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक वटवा और मणिनगर स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकरा गई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना सुबह 11:18 मिनट पर हुई। इसमें वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन के आगे का हिस्सा टूट गया। इसके बाद कुछ देर के लिए ट्रेन खड़ी रही है। रेलवे के कर्मियों ने ठीक किया। इसके बाद ट्रेन को 11:27 बजे रवाना किया गया है। बता दें, पीएम मोदी ने हाल ही में मुंबई और गांधी नगर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।
रेलवे के पीआरओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस हादसे में ट्रेन को थोड़ा नुकसान हुआ है। ट्रेन के संचालन में किसी तरह का कोई असर नहीं पड़ा है। ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। उसको सही किया जाएगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस समय पर गांधीनगर कैपिटल स्टेशन से मुंबई सेंट्रल के लिए रवाना हुई। पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) ज़ोन ने 5 अक्टूबर से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रा समय को और कम कर दिया है। ट्रेन गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल में 20 मिनट पहले पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर, 2022 को गांधीनगर राजधानी और मुंबई सेंट्रल के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। रेल मंत्रालय ने कहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस 160 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति तक चल सकती है।
-एजेंसी