‘विमान से आएं या पैदल, दोषी भगोड़े की तरह होगा व्यवहार’: ढाका ने शेख हसीना की वापसी पर दिया बड़ा बयान

INTERNATIONAL

ढाका। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा आगामी 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने का ऐलान किए जाने के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेताओं की ओर से अत्यंत तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शेख हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े की भांति ही कानून के तहत सख्त व्यवहार किया जाएगा।

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में भड़के छात्र आंदोलन और व्यापक जनाक्रोश के कारण शेख हसीना को देश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था, और वे तब से भारत में शरण लिए हुए हैं।​

‘शेख हसीना से नहीं, प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार से होगी वार्ता’

शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने स्पष्ट किया कि हसीना को वापस लाने के संदर्भ में उनसे व्यक्तिगत रूप से कोई चर्चा नहीं की गई है, और उनके प्रत्यर्पण से जुड़े मामलों पर सीधे भारत सरकार के साथ बातचीत होगी।

बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, उर रहमान ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि “एक तरफ हसीना कहती हैं कि वे घर लौटना चाहती हैं, वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश सरकार चाहती है कि उनका प्रत्यर्पण हो। ऐसे में दोनों ही पक्ष एक ही बिंदु पर मेल खाते हैं। चूंकि वे स्वयं घर लौटना चाहती हैं, इसलिए उनके कानूनी प्रत्यर्पण में अब कोई बड़ी बाधा नजर नहीं आती।”

​’विमान से आएं या पैदल, दोषी के रूप में किया जाएगा सुपुर्द’

जाहेद उर रहमान ने आगे कहा कि “शेख हसीना खुद आएंगी या नहीं, यह उनसे वार्ता करने का विषय नहीं है। इस विषय पर भारत सरकार के साथ आधिकारिक चर्चा की जाएगी। एक गंभीर आपराधिक मामलों की दोषी अपने सहयोगियों के साथ भारत में मौजूद हैं, जिन्हें अदालत द्वारा दोषी ठहराया जा चुका है। इसलिए वे बांग्लादेश एयरलाइंस से आती हैं, अपने निजी विमान से आती हैं या पैदल आती हैं, और उन्हें किस प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश को सौंपा जाएगा—इन तमाम प्रशासनिक व कूटनीतिक पहलुओं पर भारत के साथ विचार-विमर्श होगा।”

​पासपोर्ट और पहचान पत्र का अनुरोध खारिज होने से ढाका-दिल्ली में तनाव

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी का मुद्दा इस समय ढाका और नई दिल्ली के बीच कूटनीतिक तनाव की मुख्य वजह बना हुआ है। इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश सरकार द्वारा शेख हसीना के नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने के अनुरोध को खारिज कर दिया गया था, जिसके बाद बांग्लादेश में नए सिरे से राजनीतिक और सामाजिक अशांति की लहर देखी गई। इससे पूर्व, शेख हसीना के कानूनी सलाहकारों ने दिसंबर में प्रस्तावित स्वदेश वापसी की प्रक्रिया को सुगम बनाने और आवश्यक यात्रा दस्तावेज हासिल करने के लिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग (मिशन) से संपर्क साधा था।