बीजिंग/नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल ही में (20 से 22 नवंबर के बीच) आयोजित एससीओ (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम ने क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से अहम संकेत दिए हैं। इस सम्मेलन में न केवल शंघाई सहयोग संगठन के अन्य सदस्य देशों ने हिस्सा लिया, बल्कि तमाम कूटनीतिक तनावों के बावजूद पाकिस्तान के प्रतिनिधि की मौजूदगी भी दर्ज की गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, यह घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि एशिया के देश भारत के आमंत्रण को नजरअंदाज न करने की जरूरत महसूस कर रहे हैं। इसी बीच सामने आए ताजा वैश्विक और क्षेत्रीय आकलनों से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि भारत अपना क्षेत्रीय दबदबा और कूटनीतिक साख बनाए रखने में सफल रहा है, वहीं एक प्रमुख सर्वेक्षण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय प्रभाव में इजाफा दर्ज किया गया है।
क्षेत्रीय नेतृत्व में तीन पायदान ऊपर आए पीएम मोदी, शी जिनपिंग के बाद दूसरा स्थान
ऑस्ट्रेलिया स्थित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट ने वर्ष 2026 के ‘एशिया पावर इंडेक्स’ के अपने निष्कर्षों में बताया है कि क्षेत्रीय नेतृत्व के मूल्यांकन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन स्थान ऊपर चढ़े हैं। इसके साथ ही वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया में दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता के रूप में उभरे हैं। रिपोर्ट के लेखकों हंटर मार्स्टन और जैक सतो के आकलन के अनुसार, घरेलू स्तर की चुनौतियों और आर्थिक क्षमताओं में आई नरमी के बावजूद भारत ने क्षेत्र में प्रभावशाली भूमिका निभाई है।
कूटनीतिक प्रभाव में 70.3 अंक, लेकिन वैश्विक धारणा पर सवाल
एशिया पावर इंडेक्स 2026 में कूटनीतिक प्रभाव के पैमाने पर भारत को 70.3 अंक प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में केवल मामूली गिरावट को दर्शाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह स्थिति इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि जहां पूरे एशिया में कूटनीतिक प्रभाव का दायरा घट रहा था, वहीं भारत ने अपेक्षाकृत बेहतर संतुलन दिखाया। हालांकि, क्षेत्रीय नेतृत्व रैंकिंग में प्रधानमंत्री मोदी की स्थिति मजबूत होने के बावजूद उनके वैश्विक नेतृत्व को लेकर धारणा में कोई सुधार नहीं दिखा है। रिपोर्ट में इस गिरावट के पीछे एक वजह खाड़ी क्षेत्र के विवादों के दौरान भारत की अपेक्षाकृत कम कूटनीतिक सक्रियता को बताया गया है।
अमेरिका और चीन के बीच का अंतर घटकर 5.3 अंक रहा
क्षेत्र की जटिल और कठिन परिस्थितियों के बीच भारत का समग्र स्कोर काफी स्थिर बना हुआ है, जिसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, एशिया के शक्ति संतुलन पर अमेरिका और चीन का दबदबा बरकरार है, लेकिन दोनों के बीच का अंतर घटकर महज 5.3 अंक रह गया है। वर्ष 2018 में एशिया पावर इंडेक्स की शुरुआत के बाद से यह अंतर सबसे कम है।
रिपोर्ट कहती है कि बदलता शक्ति संतुलन भारत के लिए अवसर और चुनौतियां—दोनों लेकर आता है। साथ ही वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मध्यम शक्तियों की भूमिका पर बढ़ती चर्चाओं का उल्लेख करते हुए यह भी कहा गया है कि अभी तक इसका कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है और न ही एशिया के शक्ति संतुलन में कोई बड़ा बदलाव हुआ है।
रक्षा नेटवर्क, आर्थिक संबंध और सांस्कृतिक प्रभाव में सुधार
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने कूटनीति के अलावा अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में भी प्रगति दर्ज की है। रक्षा नेटवर्क के मोर्चे पर भारत 18.6 अंकों के साथ दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गया है। क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में बढ़ोतरी और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत की स्थिति को मजबूती मिली है।
आर्थिक संबंधों के क्षेत्र में भारत दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर काबिज हुआ है। भारत उन पांच देशों में शामिल है, जिनके स्कोर में वर्ष 2026 में कोई गिरावट नहीं आई, जो क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता को रेखांकित करता है। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में भी भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक पर पहुंच गया है, जिसमें सांस्कृतिक प्रसार, सूचनाओं के प्रवाह और लोगों के आपसी आदान-प्रदान में हुई वृद्धि का अहम योगदान रहा है।
कुल स्कोर 40.5 अंक, चीन की कुल ताकत अब भी करीब 80 प्रतिशत अधिक
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट यह भी स्पष्ट करती है कि एशिया में चीन की समग्र स्थिति को चुनौती देने के लिए भारत को अभी लंबा रास्ता तय करना है। भारत ने क्षेत्र में एक प्रमुख ताकत के रूप में अपनी स्थिति सुदृढ़ की है और उसका कुल स्कोर 40.5 अंक रहा है। वर्ष 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद से भारत और चीन के बीच का अंतर अब सबसे कम स्तर पर आया है, फिर भी रिपोर्ट के अनुसार चीन की कुल ताकत भारत की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत अधिक बनी हुई है।


