आगरा: भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को अपनी पत्नी जीनेट रूबियो के साथ ऐतिहासिक नगरी आगरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोहब्बत की निशानी ‘ताजमहल’ का दीदार किया और इसकी वास्तुकला की जमकर सराहना की।
मुगलकालीन स्थापत्य कला पर फिदा हुआ अमेरिकी जोड़ा
सोमवार की सुबह विशेष विमान से खेरिया एयरपोर्ट पहुँचे रूबियो दंपति का जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल पहुँचे मार्को रूबियो ने स्मारक की बारीकियों को अत्यंत ध्यान से देखा। गाइड नितिन ने उन्हें मुगलकालीन वास्तुकला, इसकी नक्काशी और इतिहास के पन्नों से रूबरू कराया।
भीषण गर्मी के बावजूद रूबियो दंपति की ताज की सुंदरता को निहारने की उत्सुकता कम नहीं हुई। भ्रमण के अंत में उन्होंने विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए ‘बहुत खूबसूरत’ लिखकर ताजमहल की भव्यता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा
अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए आगरा प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। उनकी यात्रा के दौरान ताजमहल परिसर में पर्यटकों की एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल का परिणाम था कि पूरा भ्रमण बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। रविवार को हुए फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद सोमवार को भी पूरे रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन और भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
सियासी अहमियत रखती है यह यात्रा
मार्को रूबियो का यह भारत दौरा केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि वैश्विक भू-राजनीति के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीन, पाकिस्तान और डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन की नई एशिया नीति के परिप्रेक्ष्य में इस यात्रा पर अंतरराष्ट्रीय जगत की पैनी नजर है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर सहित करीब 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए रूबियो ने ताज के बाद ओबेराय अमर विलास में लंच किया और दोपहर 12:50 बजे विशेष विमान से जयपुर के लिए उड़ान भरी।


