लखनऊ: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक व विवादित टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी चौतरफा घिर गए हैं। इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तमाम बड़े नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा पलटवार किया है।
डिप्टी सीएम ने साफ तौर पर कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हार ने कांग्रेस को हताशा के इस दौर में पहुंचा दिया है, जहां अब उसे लोकतांत्रिक मर्यादा, राजनीतिक शिष्टाचार और सम्मान से ही चिढ़ होने लगी है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, “यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को गाली देकर अब कांग्रेस अपनी राजनीति की ‘डूबती नाव’ को कतई नहीं बचा सकती है।
माननीय प्रधानमंत्री जी के लिए कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किया गया हर एक अपशब्द उसे उसके अंत की ओर बेहद तेज़ी से ले जा रहा है। लगातार लग रहे चुनावी झटकों ने कांग्रेस को इस दयनीय स्थिति में पहुंचा दिया है कि उसे मर्यादा और शिष्टाचार से नफरत हो गई है।”
डिप्टी सीएम मौर्य ने कांग्रेस के इस कृत्य को देश का अपमान बताते हुए आगे लिखा, “जिस मजबूत नेतृत्व ने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है, जिसने सीमा पार आतंकवाद को उसके घर में घुसकर करारा जवाब दिया और देश को गौरव के एक नए शिखर तक पहुंचाया है, उसी नेतृत्व को ‘गद्दार’ कहना कांग्रेस की हताशा और विकृत मानसिकता का सबसे बड़ा प्रमाण है। कड़वा सच तो यह है कि कांग्रेस को राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा और दुनिया में भारत की बढ़ती हुई ताकत से सबसे ज्यादा पीड़ा होती है।”
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक देश में तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाली कांग्रेस अब अपनी खत्म होती सियासत को बचाने के लिए आए दिन समाज में ‘जहर उगल’ रही है।
अपने बयान के आखिरी हिस्से में उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस को चेतावनी भरे लहजे में नसीहत दी कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रहित में किए जा रहे ऐतिहासिक कार्यों पर गर्व करती है। भारतीय जनता बेहद समझदार है और वह लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी ओछी टिप्पणियों का जवाब देना भी अच्छी तरह जानती है।
कांग्रेस को यह बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि प्रधानमंत्री जी को ‘गद्दार’ कहकर न तो वह कभी देश की जनता का विश्वास दोबारा जीत पाएगी और न ही अपनी बची-खुची राजनीतिक जमीन को बचा पाएगी। हालात देखकर तो यही लगता है कि अब कांग्रेस न घर की रह गई है और न ही घाट की।


