आगरा के उद्यमियों की अनूठी पहल: सप्ताह में एक दिन ‘No Car Day’ का संकल्प, कार पूलिंग से देश का तेल बचाएगा नेशनल चैम्बर

विविध

आगरा: बढ़ती ईंधन खपत, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते बोझ और लगातार बिगड़ते पर्यावरण को संभालने के लिए ताजनगरी के उद्यमियों और व्यापारियों ने एक सराहनीय कदम उठाया है। ‘नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स’ (NCIC) द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शहर के उद्योगपतियों ने सप्ताह में कम से कम एक दिन कार न चलाने और कार पूलिंग (साझा वाहन व्यवस्था) अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया है।

​’देश हित सर्वोपरि, अब बदलनी होगी आदत’

चैम्बर सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने ईंधन बचत अभियान से जुड़े विशेष पोस्टर का विमोचन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “भारत हर साल कच्चे तेल के आयात पर करोड़ों रुपये की विदेशी मुद्रा खर्च करता है। यदि हम अपनी छोटी दूरी के लिए पैदल चलने, साइकिल का इस्तेमाल करने या पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की आदत डाल लें, तो राष्ट्रीय स्तर पर अरबों रुपयों की बचत हो सकती है।”

जिलाधिकारी से ‘कार फ्री डे’ लागू करने की मांग

अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए नेशनल चैम्बर की ओर से आगरा के जिलाधिकारी (DM) को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। इसमें प्रशासन से मांग की गई है कि शहर में सप्ताह में एक दिन ‘कार फ्री डे’ घोषित किया जाए। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि इस मुहिम की शुरुआत वे सबसे पहले खुद से और औद्योगिक क्षेत्रों (सिकंदरा, नुनिहाई आदि) से कर रहे हैं, जहाँ उद्यमी अब समूह (कार पूलिंग) बनाकर अपने प्रतिष्ठानों तक पहुंचेंगे।

​’कोविड काल की तरह दिखाना होगा सामाजिक अनुशासन’

​चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने इस अभियान की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान आर्थिक और पर्यावरणीय हालातों को हमें ‘कोविड काल’ जैसी गंभीरता से लेना होगा। जिस तरह कोरोना के समय देश ने सामूहिक अनुशासन दिखाया था, वैसा ही अनुशासन अब तेल बचाने के लिए दिखाना होगा। उन्होंने बताया कि चैम्बर जल्द ही विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर परिवारों को इस मुहिम से जोड़ेगा।

वहीं, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने कहा कि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आगरा में वायु प्रदूषण का स्तर भी तेजी से घटेगा, जिससे आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

​पोस्टर विमोचन के मौके पर ये रहे उपस्थित

शहर में जनजागरण फैलाने के लिए जारी किए गए इस विशेष पोस्टर के विमोचन कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के साथ ​उपाध्यक्ष नीतेश अग्रवाल एवं अम्बा प्रसाद गर्ग, ​कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल एवं मनीष अग्रवाल, ​कार्यकारिणी सदस्य शलभ शर्मा एवं संजय गोयल आदि पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे