आगरा: पुरुषोत्तम मास के पावन और पुण्यदायी अवसर पर ताजनगरी का यमुना तट एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना, ब्रज संस्कृति और सनातन परंपरा के ऐतिहासिक संगम का साक्षी बनने जा रहा है। सुप्रसिद्ध श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ के तत्वावधान में आगामी 17 मई से 24 मई 2026 तक भव्य श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
शुक्रवार को यमुना किनारा रोड स्थित ‘ताज व्यू गार्डन फेस-1’ में कथा के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यमुना संरक्षण, ब्रज संस्कृति संवर्धन और सनातन मूल्यों के पुनर्जागरण का महाअभियान है।
पहली बार मंदिर परिसर से बाहर होगा इतना विराट आयोजन
हरिहर पुरी ने बताया कि पहली बार श्री मनःकामेश्वर मंदिर परिसर से बाहर इतने विशाल स्तर पर कथा आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन लगभग दो से ढाई हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। कथा व्यास योगेश पुरी होंगे।
कथा स्थल पर लगभग 200 गज क्षेत्र में पूर्ण वातानुकूलित भव्य कथा मंडपम तैयार किया जा रहा है। महाकुंभ की तर्ज पर यहां भोजनालय, अतिथि गृह, ब्राह्मण कक्ष और साधु-संतों के लिए विशेष कुटियाएं बनाई गई हैं।
आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण थर्माकोल और पीओपी से निर्मित भव्य द्वादश ज्योतिर्लिंग होंगे। इनके पीछे संबंधित मूल मंदिरों की शैली में भव्य गोपुरम भी तैयार किए गए हैं। मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों की दिव्य प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित नजर आएगा।
प्रतिदिन होगी यमुना महाआरती
हरिहर पुरी ने बताया कि कथा के मुख्य यजमान स्वयं श्री मनकामेश्वर बाबा होंगे, जिनका स्वरूप मंच पर कथा व्यास की ओर मुख करके विराजमान रहेगा। प्रतिदिन कथा समापन के बाद 20 फीट ऊंचे मंच से यमुना नदी की भव्य आरती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
एलईडी स्क्रीन पर दिखेगा आगरा का आध्यात्मिक इतिहास
कार्यक्रम संयोजक सुधीर यादव ने कहा कि आयोजन स्थल पर विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आगरा के स्वर्णिम भक्ति इतिहास, ब्रज संस्कृति, लोक परंपराओं और बटेश्वर से लेकर ब्रज क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों की दृश्यात्मक प्रस्तुति दिखाई जाएगी।
17 मई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम के अनुसार 17 मई को प्रातः 7 बजे श्री मनःकामेश्वर मठ से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंचेगी। 18 मई से 24 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा।
बाल संस्कार शिविर बनेगा विशेष आकर्षण
आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें गीता परिवार आगरा मंडल द्वारा बच्चों को श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक पढ़ना, समझना और उन्हें जीवन में उतारने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही गीता परिवार की बाल संस्कार पाठमाला पुस्तक का निशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
शिविर में बच्चों को योग प्रशिक्षण, एक्रेलिक आर्ट, मार्शल आर्ट भी सिखाई जाएगी। गायन, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक नृत्य और चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। शिविर में श्री मनकामेश्वर बाल विद्यालय के लगभग 200 बच्चों सहित स्थानीय विद्यालयों के 400 से 500 बच्चों के भाग लेने की संभावना है।
विमोचन समारोह में ये रहे मौजूद
आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर अनिल रावत, अमर गुप्ता, धीरज जैन, गोपाल बंसल, दीपक, अंकित अग्रवाल, पायल माथुर, अनुज शर्मा, लक्ष्मीकांत राजावत, थानेश्वर तिवारी एवं अखिलेश सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


