संस्कृति माह के अंतर्गत भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा ने बांटे 251 तुलसी के पौधे: ‘हर घर तुलसी, हर आंगन हरियाली’ का संदेश

विविध

आगरा। भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा द्वारा संस्कृति माह के अंतर्गत कमला नगर स्थित श्री राम मंदिर चौक पर 251 तुलसी पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने घरों में तुलसी का पौधा लगाने का संकल्प लिया।

शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल एवं सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना भी है। तुलसी भारतीय संस्कृति में श्रद्धा, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। प्रत्येक परिवार को अपने घर में तुलसी का पौधा अवश्य लगाना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवार के स्वास्थ्य और सकारात्मक वातावरण को भी बढ़ावा मिलता है।

कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं महिला संयोजक मंजू गुप्ता ने कहा कि तुलसी का पौधा औषधीय गुणों से भरपूर है और भारतीय जीवन शैली का अभिन्न अंग है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को तुलसी के धार्मिक, वैज्ञानिक एवं औषधीय महत्व की जानकारी भी दी गई तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्कृति माह के अंतर्गत ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर संस्थापक प्रदीप अग्रवाल, गौरव बंसल, प्रांतीय महासचिव विवेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, अनुराग भटनागर, कार्यक्रम संयोजक अशोक लालवानी सहित रजनीश गुप्ता, दीपक भार्गव, अमित गर्ग, कपिल गर्ग, राजकुमार गोयल, अनिल गुप्ता, अमित अग्रवाल, भावना भार्गव, मनीषा लालवानी आदि उपस्थित रहे।