आगरा। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3231-ए2 के तत्वावधान में आयोजित इंटरनेशनल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत विभिन्न देशों से आए 25 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय लियो प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में लायंस क्लब आगरा आइडियल द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित द शेफ्स क्लब रेस्टोरेंट में भव्य फेलोशिप डिनर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 की ओर से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय भार्गव रहे। अतिथियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम युवाओं को विभिन्न देशों की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रम विश्व शांति, मित्रता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
क्लब अध्यक्ष तुषार अग्रवाल ने बताया कि लायंस इंटरनेशनल का यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ वैश्विक भाईचारे और सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देता है। आगरा जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक शहर में अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का स्वागत करना क्लब के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से आगरा की अतिथि देवो भवः की परंपरा को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
फेलोशिप डिनर के दौरान अंतरराष्ट्रीय लियो सदस्यों और लायंस परिवार के बीच आत्मीय संवाद हुआ। सभी ने एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की। पूरे आयोजन में मित्रता, सेवा और वैश्विक सद्भाव का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय क्लब पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर सचिव अर्पित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुदित अग्रवाल तथा क्लब सदस्य विक्रांत अग्रवाल, आयुष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


