​’नागबंधम’ का काउंटडाउन शुरू: 3 जुलाई को बड़े पर्दे पर उतरेगी पौराणिक रहस्यों और रोमांच की भव्य दुनिया

Entertainment

​मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय सिनेमा के फलक पर पौराणिक आख्यानों और अत्याधुनिक तकनीक का अनूठा मेल अब एक नया ट्रेंड बन चुका है। इसी भव्यता को जीवंत करने के लिए तैयार है बहुप्रतीक्षित एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘नागबंधम’।

फिल्म की रिलीज में अब मात्र 30 दिन शेष हैं, और इस मौके पर जारी किए गए नए काउंटडाउन पोस्टर ने दर्शकों के बीच उत्साह की एक नई लहर दौड़ा दी है। यह फिल्म 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

​’नागबंधम’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि रहस्यों, रोमांच और प्राचीन भारतीय किंवदंतियों का एक ऐसा महाकाव्य है, जो दर्शकों को एक काल्पनिक और दिव्य दुनिया की सैर कराएगा। फिल्म के पोस्टर में दिखाई गई झलक साफ इशारा करती है कि दर्शकों को कुछ असाधारण देखने को मिलेगा, जहाँ भाग्य को बदलने वाली दैवीय शक्तियों और भूली-बिसरी लोक कथाओं का अद्भुत संगम होगा। सोशल मीडिया पर रिलीज हुए इस पोस्टर ने सिने प्रेमियों के बीच फिल्म की भव्यता और कहानी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

​निर्देशक अभिषेक नामा की यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारतीय सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मानकों के अनुरूप पेश करने का एक ईमानदार प्रयास है। फिल्म में कलाकारों की एक लंबी और प्रभावशाली सूची है, जिसमें वीराट कर्णा, ऋषभ साहनी, नभा नतेश, ईश्वार्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

एनआईके स्टूडियोज और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित ‘नागबंधम’ के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और पौराणिक गाथाओं को एक नए और आधुनिक कलेवर में पेश किया जाएगा। 3 जुलाई की तारीख भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़े आयोजन की तरह देखी जा रही है।